यूपी के 59 जिलों में लू का अलर्ट, 23 जिलों में रेड अलर्ट, बांदा सबसे गर्म शहर

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। उत्तर प्रदेश में इन दिनों आसमान से आग बरस रही है। एक सप्ताह से लगातार यूपी हीटवेव यानी लू की चपेट में है। बांदा जिला लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 48 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को प्रयागराज में तापमान 46.4 डिग्री सेंटीग्रेड, झांसी में 45.9 डिग्री सेंटीग्रेड, आगरा में 45.3 डिग्री सेंटीग्रेड, बुलंदशहर में 45 डिग्री सेंटीग्रेड, और कानपुर में 44.6 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया।


गुरुवार को यूपी के ज्यादातर शहरों में सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को बेहाल करना शुरू कर दिया। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 59 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इनमें 23 जिलों में लू का रेड अलर्ट है। यानी यहां गर्म हवाओं की वजह से हालात गंभीर हो सकते हैं। इस भीषण गर्मी से सिर्फमनुष्य ही नहीं बल्कि जानवर भी परेशान हैं। इटावा सफारी में शेरों के बाड़ों में कहीं एसी तो कहीं कूलर लगाए गए हैं। वहीं बंदरों को पानी की टंकियों या फिर स्विमिंग पूल में तैरता देखा जा सकता है। चिड़ियाघरों में पानी डालकर जानवरों को ठंडक पहुंचाई जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आ रही सूखी और गर्म हवाएं सीधे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पहुंच रही हैं। इन हवाओं के चलते ही मई में जून जैसी गर्मी महसूस हो रही है।