जन प्रवाद, ब्यूरो।
हापुड़। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर रविवार शाम के समय एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत स्याना चौक के पास हादसा हुआ। इसमें बिजनौर निवासी तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की वजह से लंबा जाम लग गया, जिससे कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार दिल्ली से बिजनौर जा रही एक स्कार्पियो कार के सामने अचानक एक गाय आ गई। चालक ने गाय को बचाने का प्रयास किया लेकिन कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलटते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। वहां सामने से आ रही अर्टिगा कार उसे उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे से आ रहे कुछ अन्य वाहन भी एक दूसरे से टकरा गए। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही मढ़मुक्तेश्वर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने वाहनों के अंदर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को गढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया।
दुर्घटना के कारण दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने जाम खुलवाने के लिए के्रन की मंगवाई इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया गया। इस बाबत हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हाईवे पर अचानक गाय के आने से दुर्घटना हुई। स्कार्पियो कार चालक ने गाय को बचाने का प्रयास किया लेकिन वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराती हुई दूसरी ओर पहुंच गई। इसके बाद कई अन्य वाहनों से टकराने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।





