अब हंता वायरस का अलर्ट जारी, कोरोना की तरह रहना होगा सावधान

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। कोरोना जैसे ही एक और वायरस ने हड़कंप मचा दिया है। जी हां, अब हंता वायरस से लोगों की मौत हो रही हैं। इसकी जानकारी मिलते ही डब्ल्यूएचओ अलर्ट हो गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि यह एक गंभीर संक्रामक बीमारी है। डब्ल्यूएचओ की वैश्विक महामारी की निदेशक मारिया वैन केरखोव ने कहा कि यह अगला कोविड नहीं है, लेकिन यह एक गंभीर संक्रामक बीमारी है। हम इस वायरस को जानते हैं। यह कई वर्षों से मौजूद है। 


डब्ल्यूएचओ के अनुसार पहली मौत क्रूज पर 11 अप्रैल को हुई थी। मृतक एक 70 वर्षीय डच नागरिक था। उसकी 69 वर्षीय पत्नी सेंट हेलेना से हवाई जहाज से दक्षिण अफ्रीका गई। वह हवाई अड्डे पर अचानक गिर गई थी इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी 26 अप्रैल को मौत हो गई। तीसरी यात्री एक जर्मन महिला थी। 
बता दें कि डब्ल्यूएचओ ने अलर्ट कि है कि ठीक कोरोना की तरह ही साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना होगा। घर के अंदर चूहों से तो बहुत दूरी बनाने की कोशिश करें। साफ-सफाई करते समय यह ध्यान रखें कि बंद स्थानों पर मास्क पहनकर सफाई करें और इसके बाद अच्छे से हाथ धोएं। जिस तरह से कोरोना के समय सावधानी बरती गई ठीक उसी तरह इस बीमारी में भी सावधानी बरतनी होगी। 


डॉक्टरों के अनुसार हंता वासरस के फ्लू जैसे शुरुआती लक्षण होते हैं। इसमें बुखार, थकान, और शरीर में दर्द रहता है। संक्रमण बढ़ने पर ये बहुत ही घातक हो जाता है। सांस लेने में परेशानी के साथ ही यह फेफड़ों में पानी भरने जैसी समस्या उत्पन्न कर देता है। इस कारण किड़नी से जुड़ी समस्याएं भी होने लगती हैं। 
बता दें कि भारत में फिलहाल हंता वायरस को लेकर कोई बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इसलिए ज्यादा पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है। हां, जो लोग अफ्रीका या अन्य देशों से आते हैं उनसे थोड़ा अलर्ट रहने की आवश्यकता है।