गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव : भाजपा की भारी जीत

अहमदाबाद, एजेंसी। गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों की शुरूआती मतगणना में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बना ली है और अब तक 9,200 से अधिक सीटों में से 2,531 सीटों पर जीत दर्ज की है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) द्वारा साझा किए गए नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस ने 385 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों और आम आदमी पार्टी और आॅल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन सहित अन्य दलों ने 169 सीटें जीती हैं। प्रारंभिक रुझानों के अनुसार, भाजपा तालुका पंचायतों में 1,165 सीटों, जिला पंचायतों में 251, नगरपालिकाओं में 825 और नगर निगमों में 290 सीटों पर आगे है।

 
कांग्रस ने हासिल की 235 सीटें

कांग्रेस ने तालुका पंचायतों में 235 सीटें, जिला पंचायतों में 23, नगरपालिकाओं में 118 और नगर निगमों में 8 सीटें हासिल की हैं। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार सुबह 9 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई। रविवार को राज्य में 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए मतदान हुआ था। इन चुनावों को अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राज्य में प्रमुख चुनावी कवायदों में से एक माना जा रहा है। 
4.18 करोड़ ने डाला वोट


मौजूदा चुनाव में लगभग 4.18 करोड़ मतदाता पात्र थे और करीब 9,200 सीटों पर मतदान हुआ। एसईसी के अनुसार, मतदान प्रतिशत नगर निगमों में 55.1 फीसदी, नगरपालिकाओं में 65.53 फीसदी, जिला पंचायतों में 66.64 फीसदी और तालुका पंचायतों में 67.26 फीसदी दर्ज किया गया। नगर निगमों में कच्छ जिले के नवगठित गांधीधाम में सबसे कम 46.03 फीसदी मतदान हुआ, जबकि वलसाड जिले के वापी में सबसे अधिक 72.29 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। अहमदाबाद नगर निगम में मतदान 51.81 फीसदी रहा। पहली बार नौ नए नगर निगमों—नवसारी, गांधीधाम, मोरबी, वापी, आनंद, नडियाद, मेहसाणा, पोरबंदर और सुरेंद्रनगर—में भी मतदान कराया गया। ये चुनाव अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण के संशोधित नियमों के तहत हुए, जिसके चलते कई जिलों में वार्डों का पुनर्गठन और परिसीमन किया गया। इन चुनावों में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच प्रमुख मुकाबला हुआ, जबकि एआईएमआईएम ने भी कई क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारे थे।