जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। उत्तर प्रदेश के बलिया से बड़ी खबर आ रही है। यहां जीआरपी ने छपरा एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान एक यात्री के पास से नोटों से भरा हुआ बैग बरामद किया है। बरामद धनराशि के संबंध में पुलिस ने जब पूछताछ की तो वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इस मामले की सूचना जीआरपी ने अपने उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद वाराणसी से पहुंची आयकर विभाग की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि बैग में 36.25 लाख रुपये पाए गए। नोटों से भरे इस बैग को गाजीपुर से छपरा तक पहुंचाना था।

जीआरपी के अनुसार थाने की टीम राजभर गोमती नगर से छपरा जा रही ट्रेन संख्या 1554 बलिया छपरा एक्सप्रेस में नियमित चेकिंग कर रही थी। तभी स्लीपर कोच में यात्रा कर रहे एक यात्री की गतिविधियां संदिग्ध होने पर तलाशी ली गई। उसके पास मौजूद बैग की पुलिस ने तलाशी ली तो बैग नोटों से भरा हुआ था। इस बाबत जब उससे पूछताछ की गई तो वह सही उत्तर नहीं दे पाया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर नोटों से भरे बैग को जीआरपी थाना लाया गया। पूछताछ में उसने न तो कोई दस्तावेज दिखाया और न ही सटीक जानकारी दी। पूछताछ के दौरान उसने जीआरपी को बताया कि वह गाजीपुर जनपद का रहने वाला है। उसने अपना नाम संतोष अग्रवाल बताया। उसने बताया कि वह ज्वैलर्स का काम करता है। उक्त धनराशि को वह किसी ज्वैलर्स को देने के लिए जा रहा था।





