जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा की रबूपुरा थाना पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने एक घायल सहित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर अवैध तमंचा व चोरी की बाइक बरामद की है। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। 
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि दिनांक 15/16 की रात्रि में थाना रबूपुरा पुलिस कार्गो टी प्वाइंट पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी सामने से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर उन्होंने बाइक मोड़ ली और भागने लगे। जब पुलिस ने उनका पीछा किया तो बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जबाही कार्रवाई में एक अभियुक्त के पैर में गोली लग गई, जिससे वह वहीं पर गिर गया। दूसरा साथी मौका पाकर वहां से फरार हो गया। पुलिस ने उसे कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से एक-एक अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं। घायल अभियुक्त की पहचान बन्टी उर्फ मलिंगा पुत्र भोजराज निवासी ग्राम मुरादगढी थाना रबूपुरा जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिन्दा कारतूस बरामद किया है। वहीं उसके साथी बबलू पुत्र भोजराज को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से भी एक अवैध तमंचा, एक जिन्दा कारतूस व एक चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी कर रही है।
पुलिस मुठभेड़ में चलीं गोलियां एक घायल, सहित दो गिरफ्तार
17-Aug-2026





