जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर कार को ओवरटेक कर लूटी गई एक करोड़ 28 लाख रुपये की ज्वैलरी को बरामद कर लिया है। पुलिस ने पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से कार व तमंचा बरामद किया है।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि 2 अक्टूबर को थाना बीटा-2 को सूचना मिली कि अज्ञात अभियुक्तों ने चांदी व्यापारी से लूट की घटना को अंजाम दिया है। वादी की तहरीर पर थाना बीटा-2 पुलिस ने अभियोग पंजीकृत किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल 5 पुलिस टीमों का गठन कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया। पुलिस की टीमें सीसीटीवी कैमरों की जांच, इलेक्ट्रानिक एवं भौतिक साक्ष्यों, सर्विलांस एवं लोकल इंटेलिजेंस की मदद से जांच में जुट गर्इं। थाना बीटा-2 और थाना इकोटेक-1 पुलिस की संयुक्त टीम ने 5 अक्टूबर तड़के एटीएस गोलचक्कर के पास से चांदी व्यापारी से लूट की घटना को अंजाम देने वाले पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें अंकुर पुत्र जयवीर चौधरी, अमित पुत्र जयवीर चौधरी, सोहित बंसल पुत्र बृजपाल बंसल, हिमांशु पुत्र स्व. बृजेश एवं कमलकांत पुत्र बजरंगलाल शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से लूटे गए सोने के पांच हार, दो मंगलसूत्र, 29 पैंडल, 56 महिला अंगूठी, 34 पुरुष अंगूठी, 18 लॉकेट, 42 जोड़ी झुमकी, कुल वजन करीब 635 ग्राम व करीब 12.138 किग्रा. चांदी, बिना नंबर प्लेट की बलेनो कार एवं एक अवैध तमंचा बरामद किया है। 
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर योजनाबद्ध तरीके से व्यापारियों की रैकी कर लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैं। उन्होंने बताया कि घटना से करीब आठ दिन पहले अभियुक्त कमलकांत ने चांदनी चौक, दिल्ली स्थित चांदी के थोक व्यापारियों की दुकानों के पास रहकर रैकी की थी। घटना से दो दिन पूर्व उसने अपने अन्य साथियों को एक इठियोस कार के संबंध में जानकारी दी कि उक्त कार से एक पार्टी रात्रि में आभूषण लेकर आगरा के लिए रवाना होगी।

डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि योजना के तहत सभी अभियुक्त बलेनो कार एवं स्विफ्ट कार से निकले। बलेनो कार से इटियोस कार का पीछा किया गया। साथ ही स्विफ्ट कार में सवार दो अभियुक्त जेवर होते हुए पूर्व निर्धारित स्थान ग्राम जुनैदपुर के जंगल में पहुंचकर अन्य साथियों का इंतजार करने लगे। जीरो प्वाइंट से करीब दो किमी. आगे इटियोस कार रुकने पर अभियुक्तों ने दुर्घटना का बहाना बनाकर वाहन रुकवाया और तमंचे के बल पर चालक एवं साथियों को भयभीत कर वाहन में रखा आभूषणों से भरा बैग लूट लिया। इसके बाद सभी अभियुक्त पूर्व निर्धारित योजना के तहत ग्राम जुनैदपुर के जंगल में एकत्र हुए और लूटे गए माल को लेकर फरार हो गए।





