जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। भारतीय किसान यूनियन के देशव्यापी आंदोलन के आह्वान पर मंगलवार को गौतमबुद्धनगर के सूरजपुर स्थित जिला कलेक्ट्रेट पर सैकड़ों किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील, गौतमबुद्ध नगर के किसानों की लंबित मांगों और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।कलेक्ट्रेट पहुंचने पर प्रदर्शनकारी किसानों ने धरना शुरू करने की तैयारी की, लेकिन पुलिस ने डीएम आॅफिस के निकट बिछाई गई दरियों को हटाकर दूसरी ओर फेक दिया। इसको लेकर किसानों और पुलिस के बीच कुछ देर तक तीखी बहस भी हुई। बाद में किसानों ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन जारी रखा।

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना ने कहा कि भारत-अमेरिका प्रस्तावित ट्रेड डील से देश के किसानों के हित प्रभावित होंगे। उनका आरोप है कि यदि कम कीमत पर विदेशी दुग्ध उत्पाद और अन्य कृषि उत्पाद भारत में आते हैं तो स्थानीय किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पहले से ही किसान लागत और उचित मूल्य की समस्या से जूझ रहे हैं।

उन्होंने गौतमबुद्ध नगर के किसानों की लंबित मांगों का भी मुद्दा उठाते हुए कहा कि 64.7 प्रतिशत बढ़ा हुआ मुआवजा, 10 प्रतिशत आवासीय भूखंड, रोजगार और अन्य वादे आज भी पूरी तरह लागू नहीं किए गए हैं। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद समाधान नहीं होने से किसानों में रोष है।
पवन खटाना ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ कथित पुलिस कार्रवाई की भी निंदा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वालों के साथ बल प्रयोग उचित नहीं है। भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ और अधिकारियों के साथ होने वाली वार्ता निष्फल रही, तो संगठन भविष्य में और व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होगा।





