ग्लोबल बायोएनर्जी इवेंट आज से,  तीन दिवसीय इवेंट में ई-20 पर होगी चर्चा

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
ग्रेटर नोएडा। इंडियन फेडरेशन आॅफ ग्रीन एनर्जी (आईएफजीई) और उत्तर प्रदेश न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (यूपीएनईडीए) द्वारा आयोजित ‘इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो 2026’, आज से शुरू हो रही है। तीन दिनों तक यानी 13 अगस्त तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में चलने वाली इस इवेंट में उद्योग जगत के दिग्गज भाग लेंगे। इवेंट में केंद्र और राज्य के वरिष्ठ मंत्री, नीति-निर्माता, उद्योग जगत के दिग्गज, निवेशक, टेक्नोलॉजी प्रोवाइडर्स और वैश्विक विशेषज्ञ भारत के बायोएनर्जी इकोसिस्टम के भविष्य पर चर्चा करने के लिए एक साथ आएंगे।
आज यानी 11 अगस्त को उद्घाटन के दिन उत्तर प्रदेश राज्य का एक विशेष सत्र होगा। इस दौरान ई-20 से आगे के उभरते अवसरों, कार्बन कैप्चर और उपयोग तथा डिस्टिलरी से अधिकतम मूल्य प्राप्त करने पर चर्चा की जाएगी।


दूसरे दिन सीईओ राउंडटेबल और बायोमास, सीबीजी ग्रीन हाइड्रोजन और सस्टेनेबल फ्यूल पर चर्चा भी होगी। आखिरी दिन की शुरुआत छठे ‘इंडिया ग्रीन एनर्जी अवार्डस’ से होगी।  भारतीय खेत, ग्रीन एनर्जी क्रांति और किसानों की आय को बढ़ावा देने के विषय पर एक खास सत्र होगा जो किसानों, निवेश और टिकाऊ फीडस्टॉक इकोसिस्टम पर केंद्रित होगा।


यह एक्सपो उत्तर प्रदेश को एक बड़े बायोएनर्जी हब के तौर पर मजबूत करने के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसमें राज्य के कृषि आधार, बायोमास के भरपूर संसाधनों और इथेनॉल व सीबीजी के बढ़ते मौकों का फायदा उठाया जाएगा। राज्य को निवेशकों, टेक्नोलॉजी देने वालों और ग्लोबल इंडस्ट्री प्लेयर्स से जोड़कर, इस इवेंट से निवेश को बढ़ावा मिलने, कृषि-अवशेष सप्लाई चेन को मजबूत करने, ग्रामीण रोजगार और आय के अवसर पैदा करने, क्लीन-एनर्जी इंडस्ट्रीज को बढ़ावा देने और राज्य को टिकाऊ, सर्कुलर ग्रीन इकॉनमी की ओर तेजी से ले जाने की उम्मीद है।
तीन दिन तक चलने वाला यह एक्सपो पॉलिसी पर बातचीत, टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप, निवेश और इंडस्ट्री के बीच सहयोग के लिए एक मंच देगा, जिससे भारत के साफ ऊर्जा और ‘नेट जीरो’ के बड़े लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिलेगी।