जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नागपंचमी के शुभ अवसर पर गोरखपुर में आयोजित ‘प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता’ के समापन समारोह में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में बेहतर स्पोट्स इकोसिस्टम विकसित करने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में युवा खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर, सुविधाएं और मंच उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि जनसेवा का संकल्प, पारदर्शिता का विस्तार, प्रतिभाओं का सम्मान, यही है नए उत्तर प्रदेश की नई पहचान। उत्तर प्रदेश सेवा, सुशासन और युवा सशक्तीकरण की नई मिसाल स्थापित कर रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि विगत 12 वर्षों में हम सबने बदलते हुए भारत को देखा है। खेल और खेल संस्कृति के क्षेत्र में भी व्यापक परिवर्तन हुआ है। उत्तर प्रदेश से जुड़े खिलाड़ियों ने देश के लिए पदक प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। हम आगामी एक महीने में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाले 500 युवाओं को उत्तर प्रदेश पुलिस तथा अन्य विभागों में सरकारी नौकरी प्रदान करने जा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को 6 करोड़, सिल्वर मेडल जीतने पर 4 करोड़ और ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर 2 करोड़ की धनराशि प्रदान करती है। ओलंपिक में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को 10 लाख तथा कॉमनवेल्थ और एशियाड में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को 5-5 लाख की सम्मान राशि दी जाती है। नेशनल गेम्स में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को भी सरकार द्वारा प्रोत्साहित किया जाता है।

उत्तर प्रदेश सरकार ने खेल नीति लाकर यह सुनिश्चित किया कि जो भी युवा खेल के लिए अपना समय देगा और देश के लिए मेडल जीतेगा, हम उसे सीधे नौकरी देंगे। हम 500 से अधिक नौकरियां दे चुके हैं। खेल विभाग में सहायक निदेशक से लेकर डिप्टी एसपी तक के पद हमने सभी खिलाड़ियों को दिए हैं।

स्पोट्स इकोसिस्टम विकसित करने के लिए सरकार ने तय किया है कि यदि कोई निजी स्पोट्स एकेडमी चलाता है, तो उसे सरकार की ओर से सहायता प्रदान की जाएगी, क्योंकि वह युवाओं को तराशने का कार्य कर रहा है।





