जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में गुमशुदा एवं अपहृत बालक-बालिकाओं तथा गुमशुदा स्त्री-पुरुषों की सकुशल बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। जनपद पुलिस ने एक जनवरी 2025 से 31 जुलाई 2026 तक तीनों जोन में कुल 3,348 स्त्री/पुरुषों की गुमशुदगी दर्ज की गयी थी। इनमें से कुल 2962 स्त्री-पुरुषों (88.47 प्रतिशत) को सकुशल बरामद कर लिया गया। साथ ही 650 बालक-बालिकाओं के संबंध में अभियोग दर्ज किए जिनमें से 619 बालक/बालिकाओं को (95.23 प्रतिशत) सकुशल बरामद किया गया है।
गुमशुदा एवं अपहृत व्यक्तियों की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस द्वारा इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं सूचना तंत्र का प्रभावी उपयोग करते हुए लगातार प्रयास किए गए। पुलिस टीमों द्वारा प्राप्त सूचनाओं का विश्लेषण कर त्वरित कार्रवाई की गई, जिसके परिणाम स्वरूप गुमशुदा बालक-बालिकाओं एवं स्त्री-पुरुषों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों से मिलाया गया।

नोएडा जोन के आंकड़े
नोएडा जोन के नौ थाना क्षेत्रों से कुल 965 स्त्री व पुरुषों के संबंध में गुमशुदगी दर्ज की गई, जिनमें से 540 स्त्री व 270 पुरुषों कुल 810 स्त्री/पुरुषों को (83.93 प्रतिशत) सकुशल बरामद किया गया है। साथ ही 155 स्त्री/पुरुषों की बरामदगी करना शेष है।
वहीं नोएडा जोन के नौ थाना क्षेत्रों से कुल 249 बालक/बालिकाओं के संबंध में अभियोग दर्ज किये गए थे। इनमें से 207 बालिका व 29 बालक कुल 236 बालक-बालिकाओं को (94.77 प्रतिशत) सकुशल बरामद किया गया। सिर्फ13 बालक और बालिकाओं की बरामदगी अभी शेष है।
सेन्ट्रल नोएडा के आंकड़े
सेन्ट्रल नोएडा जोन के 8 थाना क्षेत्रों से कुल 1702 स्त्री/पुरुषों के संबंध में गुमशुदगी दर्ज की गई थी, जिसमें से 1159 स्त्री व 396 पुरुषों यानी 1555 स्त्री व पुरुषों को (91.36 प्रतिशत) सकुशल बरामद किया गया है। साथ ही 147 स्त्री व पुरुषों की बरामदगी अभी शेष है।
इसके अलावा सेन्ट्रल नोएडा जोन के आठ थाना क्षेत्रों से कुल 258 बालक व बालिकाओं के संबंध में अभियोग दर्ज किया गया था। इनमें से 224 बालिका व 28 बालक कुल 252 बालक व बालिकाओं को (97.67 प्रतिशत) सकुशल बरामद किया गया है। फिलहाल, 16 बालक व बालिकाओं की बरामदगी अभी शेष है।
ग्रेटर नोएडा जोन के आंकड़े
ग्रेटर नोएडा जोन के 9 थाना क्षेत्रों से कुल 681 स्त्री व पुरुषों के संबंध में गुमशुदगी दर्ज की गई थी, 405 स्त्री व 192 पुरुषों यानी कुल 597 स्त्री व पुरुषों को (87.66 प्रतिशत) सकुशल बरामद किया गया है। साथ ही 84 स्त्री व पुरुषों की बरामदगी अभी शेष है। ग्रेटर नोएडा जोन के 9 थाना क्षेत्रों से कुल 143 बालक व बालिकाओं के संबंध में अभियोग दर्ज किये गए थे, जिसमें 94 बालिका व 37 बालक कुल 131 बालक व बालिकाओं को (91.60 प्रतिशत) सकुशल बरामद किया गया है। फिलहाल, 12 बालक व बालिकाओं की बरामदगी अभी शेष है।





