लाखों की ज्वैलरी सहित चार गिरफ्तार, बंद घरों का ताला तोड़ करते थे चोरी

जन प्रवाद, ब्यूरो।नोएडा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस लगातार अपराधियों पर नकेल कस रही है। सूरजपुर पुलिस ने अंतरजनपदीय चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 50 लाख रुपये के जेवरात, एक लाख 65 हजार नकदी, एक आॅटो व 3 चाकू बरामद किए हैं। 

डीपीसी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि थाना सूरजपुर पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस व इलेक्ट्रानिक सर्विलांस की मदद से चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने प्रदीप यादव, शिव कुमार, वीरेश एवं सूरज अहीरवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर भारी मात्रा में आभूषण बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है। इसके अलावा एक लाख 65 हजार रुपये नकदी, घटना में प्रयुक्त एक आटो, अभियुक्त प्रदीप, शिवकुमार व वीरेश के कब्जे से एक-एक चाकू बरामद किए हैं। 

डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का एक संगठित गिरोह है। ये लोग दिल्ली-एनसीआर क्षेत्रों में सेक्टरों व सोसाइटियों में बंद पड़े घरों में रेकी कर ताला व ग्रिल तोड़कर चोरी करते हैं। चोरी करने के बाद आॅटो में बैठकर फरार हो जाते हैं। ये लोग चार से पांच लोगों के ग्रुप में रहते हैं। जिनमें से दो व्यक्ति बाहर आॅटो में रहकर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखते हैं और शेष लोग घर के अंदर घुसकर ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देते हैं।