नई दिल्ली, एजेंसी । दिल्ली में शुक्रवार सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहे और इस दौरान न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 0.5 डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। विभाग के अनुसार, दोपहर और शाम के वक्त गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। पालम में न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री कम है। वहीं, लोधी रोड केंद्र पर न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो मौसमी औसत से 0.8 डिग्री कम है। रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है, जबकि अयानगर में यह 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है। आईएमडी के अनुसार, दिन में तेज सतही हवाएं चलने की भी संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 126 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।
दिल्ली में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का अनुमान, वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में
19-Jun-2026





