जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारीगण खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने ले रहे हैं। 
इसी श्रृंखला में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार एवं विजय बहादुर पटेल की टीम द्वारा इकोटेक 3 स्थित सेरेलेक प्राइवेट लिमिटेड की निर्माणशाला से गाय के घी का एक नमूना, चिपयाना बुजुर्ग ग्रेटर नोएडा वेस्ट से सोनू किराना स्टोर से व्रत के आटा का एक नमूना तथा चिपयाना बुजुर्ग स्थित लाला जय सिंह किराना स्टोर से मूंगफली दाने का एक नमूना लिया गया। अवशेष लगभग 40 किग्रा मूंगफली दाना की गुणवत्ता प्रथम दृष्टया खराब प्रतीत होने के कारण सीज की गईं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह एवं रविंद्र नाथ वर्मा की टीम द्वारा पथवाड़ी ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित विकास ट्रेडिंग कंपनी से मूंगफली के दाने का एक नमूना लेकर अवशेष लगभग 50 किग्रा मूंगफली दाना की गुणवत्ता प्रथम दृष्टया खराब प्रतीत होने के कारण सीज कर दी गई। 
इसी प्रकार खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम सेक्टर-104 नोएडा में संचालित आर एम नोएडा हाइपरमार्केट से साबूदाना एवं घी का नमूना संग्रहित किया तथा अवशेष लगभग 24.5 लीटर घी एवं 33 किलोग्राम साबूदाना प्रथम दृष्टया मिलावटी एवं मिस ब्रांडेड प्रतीत होने के कारण सीज कर दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता एवं रितु सक्सेना की टीम द्वारा ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित बालाजी किराना स्टोर से मूंगफली के दाने का 01 नमूना लिया गया। इस प्रकार कुल सात नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला प्रेषित किए जा रहे हैं। समस्त खाद्य सामग्री विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी गई। 
किसी प्रकार की खाद्य सामग्री खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत लाइसेंसी/पंजीकृत आपूर्तिकर्ता से ही खरीदें तथा खरीद बिल अवश्य लिए जाएं और निर्माण तिथि व बैच नंबर आदि देखकर ही खाद्य सामग्री प्राप्त करें व उपभोक्ताओं को बिक्री करें। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि आगे भी इसी प्रकार से जिलाधिकारी के निर्देशन में जांच अभियान संचालित करते हुए नमूने संग्रहित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जनपद वासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सके।
नवरात्रि पर एक्शन में खाद्य विभाग मूंगफली, 33 साबूदाना व घी किया सील
10-Oct-2026





