जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। आगामी रक्षाबंधन पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारीगण गुणवत्ता युक्त दूध एवं दूध उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अभियान चलाकर नमूने की जांच कराई जा रही है।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि 23 अगस्त 2026 रात्रि में अधिकारी खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह एवं रविन्द्र नाथ वर्मा की टीम ने जेवर टोल प्लाजा पर चेकिंग के दौरान चौधरी डेयरी पिसावा जलालपुर अलीगढ़ से इको गाड़ी से दिल्ली सप्लाई के लिए जा रहे पनीर का नमूना तथा बाजना मथुरा की भीमसेन डेयरी से दिल्ली में सप्लाई के लिए ले जा रहे पनीर में से दो नमूने लिए गए। इसी प्रकार 24 अगस्त 2026 को अमर बहादुर सरोज की टीम ने सेक्टर-134 बी एस बीकानेर स्वीट्स से घेवर का एक नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल की टीम ने इकोटेक 2 से शगुन स्वीट की निर्माणशाला से एक खोया व एक घेवर का नमूना लिया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता एवं रितु सक्सेना की टीम ने सर्फाबाद सेक्टर-72 नोएडा से प्रदीप कुमार की रसगुल्ला निर्माणशाला से एक नमूना लेकर शेष लगभग 100 किग्रा रसगुल्ला प्रदूषित अवस्था एवं मक्खी मच्छर पड़े होने के कारण नष्ट कराए गए। इस प्रकार कुल सात नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि आगे भी इसी प्रकार जांच अभियान संचालित करते हुए नमूने संग्रहित करने की कार्रवाई जारी रहेगी। जिससे कि जनपदवासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सके।





