कुछ राज्यों में बाढ़ तो कई में भीषण गर्मी तप रहा दिल्ली-एनसीआर, असम में बाढ़ का कहर

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नई दिल्ली। देश के कुछ राज्यों में प्रीम-मानसून आने के चलते लगातार बारिश हो रही है। वहीं कई राज्य भीषण गर्मी की चपेट में है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली के कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश जारी है। वहीं, हरियाणा और दिल्ली में पारा 43 डिग्री सेंटीग्रेड से ज्यादा दर्ज किया गया। बता दें कि यूपी में मानसून की एंट्री के लिए सिस्टम एक्टिव हो गया है। सोमवार को लखनऊ समेत 15 जिलों में तेज बारिश हुई। मिर्जापुर में बारिश के बाद अंडरपास में करीब 3 फीट पानी भर गया। फिरोजाबाद के गांव में ई-रिक्शा पर नीम का पेड़ गिर गया, हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। 2 लोग घायल हैं। बस्ती और महराजगंज में बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं बिहार के 15 जिलों में सोमवार को आंधी के साथ बारिश हुई। सीतामढ़ी, मुंगेर और पटना में बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई। 24 लोग झुलस गए। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के सरगुजा में सोमवार शाम बिजली गिरने से 2 बच्चों और एक युवक की मौत हो गई। मध्य प्रदेश में सोमवार को 12 जिलों में बारिश हुई।


मानसून ने 24 जून को मध्य प्रदेश-गुजरात में एंट्री ली थी। अब तक 22 राज्यों को कवर किया, लेकिन इसके बाद से आगे नहीं बढ़ा। मौसम विभाग के मुताबिक, 5 जुलाई मानसून पूरे देश को कवर कर लेगा। अरुणाचल प्रदेश और असम के कई हिस्सों में लगातार बारिश की वजह से बाढ़ और लैंडस्लाइड की स्थिति बनी हुई है। अरुणाचल में बारिश से लेकू नदी उफान पर आ गई, जिससे असम के जोनाई इलाके में भीषण बाढ़ आ गई। 


असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार बाढ़ से राज्य के छह जिलों में 22 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। सबसे ज्यादा असर धेमाजी जिले में पड़ा है, वहां करीब 16 हजार लोग प्रभावित हैं। बाढ़ से 96 गांव डूब गए हैं, करीब 1690 हेक्टेयर फसल और 48 हजार से ज्यादा जानवर प्रभावित हुए हैं।