नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू, 28 महिला सहित 170 किसान पहुंचे लखनऊ

ग्रेटर नोएडा ब्यूरो। 
जेवर। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमावर को यानी आज विधिवत उड़ान संचालन की शुरुआत होने जा रही है। सुबह 8:05 बजे लखनऊ से पहली फ्लाइट जेवर एयरपोर्ट पहुंची, इसके बाद एयरपोर्ट से पहली उड़ान लखनऊ के लिए 8.30 बजे रवाना हुई। इस ऐतिहासिक उड़ान में कुल 28 महिलाओं सहित 170 किसान किसान भी शामिल हैं। 

जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ लखनऊ जाएंगे, जहां किसान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करेंगे। किसानों का कहना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट क्षेत्र के विकास और देश-दुनिया से जुड़ने का नया द्वार है, जिसके लिए वे मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करना चाहते हैं। विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। जो किसान वर्षों तक खेतों में मेहनत करते रहे, वे आज पहली बार हवाई जहाज में बैठकर राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे। यह बदलते भारत और बदलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तस्वीर है।

हालांकि, खुशी के इस माहौल के बीच कुछ किसानों ने अपनी लंबित मांगों को भी उठाया है। किसानों का कहना है कि एयरपोर्ट और अन्य परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित जमीन का उचित मुआवजा, स्थानीय युवाओं को रोजगार और विस्थापित परिवारों के लिए विकसित आर एंड आर कॉलोनियों में बेहतर सुविधाओं जैसे मुद्दे अभी पूरी तरह हल नहीं हुए हैं।

किसानों का कहना है कि मुख्यमंत्री से मुलाकात का अवसर मिलने पर वे इन मुद्दों को भी उनके सामने रखेंगे। वहीं विधायक धीरेंद्र सिंह ने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों से जुड़े सभी मुद्दों के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों की शुरुआत को क्षेत्र के विकास, निवेश, रोजगार और वैश्विक कनेक्टिविटी के नए युग की शुरुआत माना जा रहा है।  

बता दें कि आज से पांच शहरों के लिए उड़ाने शुरू हो गई हैं। दूसरी फ्लाइट बेंगलुरु के लिए उड़ान भरेगी जो आकाश एयरलाइन की होगी।