जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा सेक्टर-27 स्थित कैलाश अस्पताल एवं हृदय संस्थान में सोमवार को अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पुलिस फायर डिपार्टमेन्ट के साथ फायर मॉकड्रिल किया गया। जिसमें अस्पताल प्रशासन, फायर सेफ्टी टीम, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों ने प्रतिभाग लिया। उत्तर प्रदेश के फायर डिपार्टमेंट के सीनियर अधिकारी देवेन्द्र और उनकी टीम ने आग बुझाने वाले उपकरणों के सही उपयोग, आपातकालीन निकासी मार्गों तथा प्राथमिक सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर डॉ. सारिका चन्द्रा (चिकित्सा अधीक्षक) ने कहा कि मरीजों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों के प्रति प्रशिक्षित करना रहा। भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से किए जाते रहेंगे। डॉ. सारिका चन्द्रा ने मुख्य फायर अधिकारी प्रदीप कुमार का भी आभार जताया।





