दिल्ली के तुगलकाबाद में आग का तांडव, तीन की मौत, कई गंभीर हालत में भर्ती

जन प्रवाद, ब्यूरो।
दिल्ली। दिल्ली के तुगलकाबाद क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। दमकल कर्मियों ने साहसिक बचाव अभियान चलाकर कुल आठ लोगों को इमारत से बाहर निकाला जिन्हें दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार रात करीब 2:25 बजे तुगलकाबाद की गली नंबर-1 स्थित नया तारा अपार्टमेंट के पास एक मकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुईथी। सूचना पाते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। पहले पता चला था कि आग मकान के ग्राउंड फ्लोर पर खड़े वाहनों में लगी थी। इसके बाद धुआं तेजी से पूरी इमारत में फैल गया और कई लोग अंदर फंस गए।


दमकल विभाग के अनुसार जिस इमारत में आग लगी वह पांच मंजिला है और संकरी गली होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद दमकल कर्मियों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सुबह तक आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों के अनुसार आग पर सुबह 3:45 बजे तक काबू पा लिया गया था। सुबह 4 बजे आग पूरी तरह बुझा दी गई। इसके बाद भी इमारत में फंसे लोगों की तलाश और बचाव अभियान जारी रखा गया।

पांच महिलाओं को सफदरजंग अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष को सीएटीएस एम्बुलेंस तथा पीसीआर की मदद से एम्स ट्रॉमा सेंटर के बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी वार्ड में पहुंचाया गया। सफदरजंग अस्पताल में भर्ती दो महिलाओं को ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन महिलाओं का उपचार जारी है। वहीं, एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती एक पुरुष ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अस्पताल में भर्ती दो अन्य महिलाओं की हालत भी बेहद गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पार्किंग में लगी आग से निकला धुआं ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया, जिससे लोग इमारत में फंस गए। रात का समय होने के कारण लोगों को पता नहीं चल पाया यही वजह रही कि वह फंस गए और आग की चपेट में आ गए।