जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां जाली नोट छापने का काला कारोबार चल रहा था। पुलिस व स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से इस काली करतूत का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 2,549 नाली नोट बरामद किए हैं। पुलिस ने एक प्रिंटर, कटिंग मशीन और एक स्कार्पियो कार भी बरामद की है।
इस बाबत एडीसीपी ग्रेटर नोएडा अभय कुमार मिश्र ने बताया कि थाना इकोटेक प्रथम पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त प्रयास से जाली नोट की छपाई व तस्करी करने वाले गिरोह के तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में बंटी अत्री पुत्र रामपाल सिंह, खुशदिल पुत्र तेजवीर एवं उपेन्द्र कुमार पुत्र योगेन्द्र सिंह शामिल हैं। पुलिस ने इन्हें सिरसा गोलचक्कर के पास से चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस को बरामद की गई स्कार्पियो कार से 100-100 के 2,549 जाली नोट बरामद हुए। इनकी कुल कीमत 2,54,900 रुपये है। पुलिस ने इनके पास से नकली नोट छापने में प्रयोग किए गए प्रिंटर व एक कटिंग मशीन को भी बरामद किया है। 
एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि वे पहले असली नोटों को स्केन करते थे। इसके बाद प्रिंटर की सहायता से उसी सीरियल नंबर के नोटों की छपाई की जाती थी। इसके बाद नोटों की कटाई के लिए स्केल मशीन का प्रयोग करते थे। इस तरह से ये लोग नकली नोटों की गड्डी तैयार कर उसके ऊपर व नीचे असली नोट लगा देते थे। यही नहीं गड्डी को प्रमाणित करने के लिए प्रत्येक गड्डी के सिरे पर कैनरा बैंक के डिपोजिट फार्म रबर बैंड से लगाकर असली नोटों का रूप दिया जाता था। पुलिस ने इनके पास से एक स्कार्पियो कार व चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि अब तक ये लोग कितने जाली नोट छापकर कहां-कहां तस्करी कर चुके हैं।
नकली नोट छापने की फैक्ट्री पकड़ी, नोटों की गड्डियां सहित 3 गिरफ्तार
07-Oct-2026





