जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा थाना सेक्टर-142 पुलिस ने फर्जी कॉल सेन्टर चलाने वाले एक गैंग का पर्दाफाश किाय है। इस कॉल सेंटर के माध्यम से विदेशी नागरिकों से ठगी की जा रही थी। पुलिस ने छापेमारी कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से बड़ी संख्या में कम्प्यूटर एवं फोन आदि सामान बरामद किया गया है।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि रात्रि में थाना सेक्टर-142 पुलिस ने सेक्टर-138 स्थित प्लाट संख्या 58 की तीसरी मंजिल पर छापेमारी की। इस दौरान वहां पर फर्जी तरीके से कॉल सेंटर चलता हुआ पाया गया। पुलिस ने मौके से फर्जी पहचान का उपयोग कर विदेशी नागरिकों के साथ धोखाधड़ी कर रहे तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में मंसूरी राशिद पुत्र निजामुद्दीन, तरुण मिश्रा पुत्र रजनीकांत मिश्रा, चंद्रकांत पुत्र प्रदीप शामिल है। पुलिस ने इनके पास से नौ सीपीयू, नौ डेस्कटॉप एक राउटर, नौ माउस, नौ की-बोर्ड, नौ हेडफोन व चार आईफोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।





