फर्जी कॉलसेंटर का भांडाफोड़, नौकरी दिलाने के नाम पर करते थे ठगी

जन प्रवाद, ब्यूरो। नोएडा। नोएडा पुलिस और साइबर टीम ने एक फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। यह गैंग लोगों को क्रूज पर नौकरी देने, मेडिकल फिटनेश चेकअप कराने, वर्क ऑर्डर व वीजा दिलवाने के बहाने धोखाधड़ी व ठगी करते थे। पुलिस ने इस गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से लैपटाप, मोबाइल एवं फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। इस बाबत एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आरके गौतम ने विस्तृत जानकारी दी है।

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आरके गौतम ने बताया कि एच-90 सेक्टर-63 नोएडा से ‘सी जोन रिक्रूटमेंट एंड ट्रेनिंग’ नामक फर्जी कॉल सेंटर संचालित हो रहा था। 30 मार्च को सेक्टर-63 पुलिस और साइबर टीम के संयुक्त प्रयास से उक्त कॉल सेंटर पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चार लैपटॉप, 11 मोबाइल फोन, 9 विभिन्न बैंकों के डेबिट कार्ड, 12 हजार रुपये नकद व 9 ऑफिसियल ऑफर लेट सहित तमाम फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे सोशल मीडिया पर एड के माध्यम से प्रचार-प्रसार करते थे। नौकरी दिलवाने के नाम पर वे मेडिकल चेकअप के लिए 10 हजार, ट्रेनिंग के बहाने 45 हजार, वर्क ऑर्डर पर वीजा दिलवाने के नाम पर 25 हजार नकद लेते थे। पैसे लेने के बाद वे उस व्यक्ति का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर देते थे। इसके बाद ऑफिस को भी स्थानांतरित कर देते थे। पैसे अपने साथियों के अकाउंट में यह कहकर लेते थे कि मेरी फर्म का अभी जीएसटी नंबर नहीं मिला है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम नितिन कुमार, वीरेंद्र कुमार, अमन कुमार और सचिन कुमार बताए हैं।
बाइट : आरके गौतम, एडीसीपी सेंट्रल, नोएडा