जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा सेक्टर-63 पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर चलाकर व्यापारियों व उद्यमियों से ठगी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में मोबाइल फोन, लैपटॉप आदि सामान बरामद किया है। 
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर-63 पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने संचालक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। ये लोग विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारियों व उद्यमियों को काल कर आॅनलाइन मार्केटिंग, खरीदार उपलब्ध कराने के साथ ही फर्जी सर्टिफिकेट देकर धोखाधड़ी करते हैं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रणबीर सिंह पुत्र युवराज सिंह, ललित कुमार पुत्र ओमप्रकाश व अभियुक्ता ज्योति पत्नी रणबीर सिंह को ए-135 सेक्टर-63 नोएडा से गिरफ्तार किया गया । पुलिस ने इनके कब्जे से 39 स्मार्ट मोबाइल फोन, 9 कीपेड मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप, 36 सीपीयू, 32 सिम कार्ड, विभिन्न टैक्स इनवॉइस एवं अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। 
स्व्तंत्र कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को थाना सेक्टर 63 पुलिस ने वादिया द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र की जांच की। इस दौरान पुलिस को पता चला कि फर्जी कॉल सेंटर चलाकर ये लोग देश के विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारियों व उद्यमियों को ठगने का काम कर रहे हैं। पुलिस ने सूचना के आधार पर छापेमारी की। इस दौरान मौजूद एक महिला सहित तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। यह लोग अब तक कितने उद्यमी व व्यापारियों को अपना निशाना बना चुके हैं, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही इनके विभिन्न बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।
बाइट: स्वतंत्र कुमार सिंह, एडीसीपी सेंट्रल, नोएडा
नोएडा में फर्जी कॉलसेंटर का पर्दाफाश, उद्यमियों व व्यापारियों को बनाते थे निशाना
17-Jul-2026





