Kriti Sanon की रील लाइक करने पर ट्रोल हो गई यामी, अब सफाई से ट्रोलर्स का किया मुंह बंद

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली : बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम ने जाने- अनजाने में लाइक की गई रील को लेकर अपनी सफाई दी है। यामी ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट कर कहा कि उन्होंने कभी भी सस्ते प्रचार हथकंडों का सहारा नहीं लिया है। यामी की यह सफाई अभिनेत्री कृति सेनन से जुड़ी एक पोस्ट जिसमें फिल्म 'तेरे इश्क में' के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार दिए जाने को लेकर सवाल उठाए गए थे, को 'लाइक' किए जाने पर हुई आलोचनाओं के बाद आई है।

यामी ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट साझा कर कहा कि एक अभिनेत्री के रूप में उन्हें रोजाना कई पोस्ट में टैग किया जाता है और कभी-कभी ये क्लिक अनजाने में हो जाते हैं। उन्होंने लिखा कि मुझे पता चला है कि मैंने कथित रूप से एक रील को ‘लाइक’ किया जो किसी अन्य अभिनेत्री के प्रति अपमानजनक थी। हमें हर दिन कई पोस्ट में टैग किया जाता है, और यह किसी पुरस्कार समारोह के संदर्भ में किसी अन्य टैग की तरह ही सामने आई।

निश्चित रूप से जानबूझकर नहीं किया गया; अगर कुछ हुआ है तो यह गलती से क्लिक हो गया होगा। मैंने अपने जीवन में कभी भी सस्ते पीआर हथकंडों का सहारा नहीं लिया। मैंने हमेशा अपने काम पर ध्यान केंद्रित किया और आगे बढ़ी। अभिनेत्री ने कहा क्लिकबेट की दुनिया में, प्रतिष्ठित सोशल मीडिया पोर्टल के लिए भी इस मुद्दे को उछालकर चर्चा में बदलना लुभावना हो सकता है, लेकिन मैं उम्मीद करती हूं कि वे यह ध्यान में रखें कि मैंने इससे बेहतर प्रतिष्ठा अर्जित की है। मेरी कोई पीआर टीम नहीं है और मैंने बहुत पहले ही मनोरंजन पुरस्कार समारोहों पर अपना रुख सम्मानपूर्वक स्पष्ट कर दिया था।

बता दें कि एक्ट्रेस के इंस्टाग्राम प्रोफाइल से एक पोस्ट पर 'लाइक' दर्ज देखा गया। पोस्ट में जी सिने अवार्ड्स 2026 में कृति को सर्वश्रेष्ठ एक्ट्रेस का पुरस्कार जीतने का जश्न मनाते हुए दिखाया गया था। इस घटना के बाद अभिनेत्री का यह बयान सामने आया। इस वीडियो को यामी के एक पुराने साक्षात्कार के एक क्लिप के साथ जोड़ा गया था, जहां उन्हें यह कहते हुए सुना गया कि उन्होंने फिल्म उद्योग से प्रशंसा पाने की कोशिश करना बंद कर दिया है।