जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म रामायण के पहले पार्ट का टीजर लॉन्च कर दिया गया है। नमित मल्होत्रा के महत्वाकांक्षी विजन के साथ इस महाकाव्य को दो भागों में रिलीज किया जाएगा जिसका अनुमानित बजट ₹ 4000 करोड़ बताया जा रहा है। आज इस फिल्म से भगवान राम की पहली झलक रिलीज कर दी गई है। सामने आए टीजर में ग्रैंड फिल्म की छोटी झलक देखने को मिल रही है और फैंस इसे देखने के बाद और उत्साहित और बेकरार हो गए हैं।
सामने आई राम की पहली झलक में रणबीर कपूर पूरी तरह से राम के रूप में रमे नजर आ रहे हैं। इस झलक में उनकी ताज पोशी से लेकर उनके वनवास जाने की झलकियां, जंगल में उनका संघर्ष , सीता हरण, रावण की झलक देखने को मिल रही है। रणबीर का लुक जहां पूरी तरह साफ नजर आया है, वहीं साई पल्लवी और यश की झलकियों ने फैंस के लिए बेकरारी को और बढ़ा दिया है। टीजर में इस्तेमाल एनिमेशन और वीएफएक्स कमाल के हैं। ये पहली झलक जाहिर कर रही है कि फिल्म काफी भव्य होगी।

शानदार स्टार कास्ट और दिग्गज संगीतकार
फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी प्रभावशाली स्टार कास्ट है। रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि साईं पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार को जीवंत करेंगे। संगीत के मोर्चे पर भी यह फिल्म एक बड़ा धमाका करने वाली है। ऑस्कर विजेता एआर रहमान इस प्रोजेक्ट के लिए दिग्गज संगीतकार हंस ज़िमर के साथ हाथ मिला रहे हैं, जो इस फिल्म के जरिए हिंदी सिनेमा में अपना डेब्यू करेंगे।
गोपनीयता और टीजर की पहली झलक
पिछले साल फर्स्ट लुक सामने आने के बाद से ही फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा है, हालांकि निर्माताओं ने अब तक किरदारों के आधिकारिक लुक्स को पूरी तरह गुप्त रखा है। हालांकि सेट से रणबीर कपूर के कुछ फोटो लीक हुए थे, लेकिन मेकर्स ने उन पर चुप्पी साधे रखी। हाल ही में लॉस एंजिल्स में चुनिंदा दर्शकों के बीच फिल्म का टीजर दिखाया गया, जिसमें रणबीर कपूर, नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा उपस्थित थे।





