दूसरी बार मां बनी सोनम कपूर, बेटे को दिया जन्म 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनम कपूर और उनके व्यवसायी पति आनंद आहूजा के घर में एक बार फिर किल्कारियां गूंज रही हैं। इस दंपति ने रविवार को अपने दूसरे बेटे का स्वागत किया। सोनम और आनंद ने इस खुशखबरी की घोषणा रविवार को अपने-अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट के माध्यम से की। पोस्ट में लिखा था कि असीम कृतज्ञता और प्रेमपूर्ण हृदय से हमें यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि आज 29 मार्च 2026 को हमारे बेटे का जन्म हुआ। 

हमारे परिवार में अब एक और सदस्य जुड़ गया है। वायु अपने छोटे भाई का स्वागत करते हुए बहुत खुश है। हम इस अनमोल नये जीवन के लिए आभारी हैं, जिसने हमारे घर को खुशी से भर दिया है। अब हम चार सदस्यीय परिवार के रूप में इस खूबसूरत नये अध्याय की शुरुआत करने के लिए आभारी हैं। प्यार के साथ, सोनम, आनंद और वायु।

सोनम और आनंद की मुलाकात
सोनम की मुलाकात आनंद से 2015 में फिल्म 'प्रेम रतन धन पायो' के प्रमोशन के दौरान हुई थी। उन्होंने बताया कि उनके दोस्त उन्हें आनंद के एक दोस्त से मिलवाना चाहते थे, लेकिन उनकी बातचीत आनंद से ही ज्यादा होने लगी। दो हफ्ते तक मैसेज करने के बाद दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। 2018 में दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद 2022 में सोनम कपूर पहली बार मां बनी। सोनम ने बेटे वायु को जन्म दिया। 

स्टार्स ने सोनम कपूर को दी बधाई
परिणीति चोपड़ा, करीना कपूर, रिया कपूर और हुमा कुरैशी समेत कई हस्तियों ने इस कपल को बधाई दी और नवजात बच्चे को ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद दिया। फैंस ने भी सोनम और आनंद को बेटे के जन्म पर बधाई दी। इसके अलावा फैंस ने भी कमेंट सेक्शन में कपल को जमकर बधाई दी।