जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: सिंगर हनी सिंह आज दिल्ली में कॉन्सर्ट करेंगे। कॉन्सर्ट का आयोजन शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में होगा। कॉन्सर्ट में हजारों की संख्या में लोगों की जुटने की उम्मीद है, ऐसे में दिल्ली पुलिस की ओर से इस संबंध में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। जारी एडवाइजरी के अनुसार स्टेडियम के आस-पास की कई सड़कों पर पाबंदियां और डायवर्जन लागू किया गया है। IP मार्ग और विकास मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा। राजघाट से आईपी मार्ग तक जाने वाली सड़क पर भारी वाहनों का आना मना है वहीं, लोगों से पुलिस ने अपील की है कि शनिवार, 14 मार्च की दोपहर 2.00 बजे से रात 10.00 बजे तक इस रोड का इस्तेमाल न करें। इस दौरान कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले लोगों की भीड़ ज्यादा होगी जिससे ट्रैफिक लग सकता है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

स्टेडियम में एंट्री के नियम
स्टेडियम के अलग-अलग गेट पर एंट्री के अलग इंतजाम किए गए हैं। इंदिरा गांधी स्टेडियम के गेट नंबर 7 और 8 वेलोड्रोम रोड पर हैं। इन गेट्स से एंट्री सिर्फ वेलोड्रोम रोड के रास्ते ही मिलेगी। गेट नंबर 21 और 22, गेट नंबर 16 और 17, चारों ही रिंग रोड पर हैं। यहां से जाने की इजाजत केवल एमजीएम रोड के रास्ते आने वालों को होगी।
इंदिरा गांधी स्टेडियम के पास कहां होगी पार्किंग?
स्टेडियम के आस-पास सीमित पार्किंग की जा सकेगी। वैध पार्किंग लेबल लगी गाड़ियों को ही पार्किंग एरिया में जगह मिलेगी। विंडस्क्रीन पर पार्किंग लेबल साफ-साफ दिखना चाहिए जिसपर गाड़ी का नंबर लिखा हो। रिंग रोड के दोनों तरफ राजघाट से आईपी फ्लाईओवर तक के हिस्से में कोई गाड़ी खड़ी नहीं की जा सकती। सड़क पर पार्क की गई गाड़ियों को क्रेन से हटा दिया जाएगा और वाहन मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





