जब पूरी इंडस्ट्री ने इस फिल्म के लिए कर दिया था मना, तब सलमान खान ने एक रुपए में की थी ये फिल्म 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्टर सलमान खान बॉलीवुड के सबसे मंहगे कलाकारों में से एक माने जाते है। सलमान खान अपनी एक फिल्म के लिए करोड़ों रुपए चार्ज करते है लेकिन यदि हम आपको यह कहें कि एक ऐसी फिल्म थी जिसमें सलमान खान ने बस एक रुपए की फीस ली थी तो आप थोड़ा चौंक जाऐंगे। साल 2004 में आई फिल्म फिर मिलेंगे में काम करने के लिए सलमान खान ने बस एक रुपए की फीस ली थी। इस फिल्म में सलमान खान के अलावा शिल्पा शेट्टी और अभिषेक बच्चन भी थे। 

एड्स जैसी बीमारी के बारे में जागरूक करती है फिल्म
फिल्म में शिल्पा शेट्टी ने तमन्ना साहनी नामक किरदार निभाया था। तमन्ना एक कंपनी में काम करती है और सलमान खान के किरदार से बेहद प्यार करती है। सलमान खान के किरदार के कारण तमन्ना को एचआईवी हो जाता है और उसे एचआईवी के चलते उन्हें नौकरी से निकाल दिया जाता है। अभिषेक बच्चन कंपनी के खिलाफ तमन्ना का केस लड़ते है और जीतते भी है। फिल्म में शिल्पा शेट्टी के साथ- साथ सलमान खान को भी एड्स होता है और क्लाइमेक्स में सलमान खान की  मौत हो जाती है। 

फिल्म ने कमाए थे 5.43 करोड़ रुपए
फिल्म फिर मिलेंगे 2004 में रिलीज हुई थी। फिल्म का डायरेक्शन रेवती ने किया था। इसमें सलमान खान के अलावा शिल्पा शेट्टी और अभिषेक बच्चन ने भी काम किया था। 5.50 करोड़ में बनी इस फिल्म ने 5.43 करोड़ की कमाई की थी।

पूरी इंडस्ट्री ने इस रोल के लिए कर दिया था मना
एक वीडियो में बात करते हुए प्रोड्यूसर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि इस फिल्म का उद्देश्य एड्स के टॉपिक पर युवाओं के लिए जागरूकता पैदा करना था। मुझे आखिरकार एहसास हुआ कि सिनेमा समाज का आईना है और साथ ही भारत और हर भारतीय की धड़कन है। फिल्म को करने के लिए इंडस्ट्री में सभी ने मना कर दिया था तभी मैंने सलमान खान को फोन किया। सलमान क्लाइमेक्स में एड्स के कारण मर जाते हैं। जाहिर है उनके फैंस खुश नहीं थे, लेकिन मैसेज पूरे देश तक पहुंच गया। इतनी इंटेंस फिल्म होने के बावजूद, फिर मिलेंगे न सिर्फ सिनेमाघरों में रिलीज हुई बल्कि सैटेलाइट, टेलीविजन, केबल, हर जगह दर्शकों तक पहुंची।