मोस्ट अवेटेड मूवी Dhurandhar-2 का ट्रेलर रिलीज, इंटेस अवतार में दिखे रणवीर सिंह

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: बॉलीवुड की मोस्ट अवेटेड मूवी धुरंधर-2 का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर में रणवीर सिंह का इंटेस अवतार देखने को मिल रहा है जो बदले और टकराव की स्थिति पैदा कर रहा है। दमदार डॉयलॉग्स, जबरदस्त एक्शन सीन ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया गया है। ट्रेलर रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर फैंस तेजी से अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

कैसा है धुरंधर-2 का ट्रेलर 
तकरीबन 3 मिनट 25 सेकंड के ट्रेलर की शुरुआत आर. माधवन के साथ होती है। ट्रेलर में संजय दत्त, रणवीर सिंह और अर्जुन रामपाल की दमदार झलक देखने को मिली है, जिसे देखने के बाद फैंस फिल्म को ब्लॉकबस्टर बता रहे हैं। ट्रेलर में रणवीर सिंह एक बार फिर अपने दमदार अवतार में दिखाई दिए हैं। वो एक रॉ एजेंट बनकर ‘हमजा अली’ नाम के गैंगस्टर का रूप धरते हैं और पाकिस्तान के आतंकी नेटवर्क की जड़ें हिलाने निकल पड़े हैं। 

इसके बाद ट्रेलर फ्लैशबैक में जाता है, जिसमें दिखाया गया कि कैसे हमजा अली ने रहमान डकैत को मौत के घाट उतारा था और फिर किस तरह से उसने ल्यारी में अपनी जड़ें जमाईं और रहमान के साथ-साथ अरशद पप्पू के गैंग को मार डाला था। फिर दिखाया जाता है कि रहमान डकैत की मौत के बाद ल्यारी की सड़कों पर जमकर प्रदर्शन हुए। इस बीच सवाल उठता है कि रहमान डकैत की मौत के बाद ल्यारी का नया बादशाह कौन बनेगा? ट्रेलर में एक ओर हमजा मार-धाड़ करते देखा गया, तो दूसरी तरफ जसकिरत सिंह रंगी की एंट्री होती है। फिर दिखाया जाता है कि जसकिरत रंगी कैसे एसपी असलम के साथ मिलकर आईएसआई मेजर इकबाल (अर्जुन रामपाल) को नाकों चने चबवाता है और दुश्मनों पर किस कदर भयावह रूप से बरसता है। उसका गुस्सा रोंगटे खड़े कर देने वाला है।

'धुरंधर 2' के ट्रेलर में नज़र आए ये स्टार्स
'धुरंधर 2' के ट्रेलर में रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, अक्षय खन्ना, राकेश बेदी और सारा अर्जुन समेत कई कलाकारों की भी झलक दिखाई दी। ऑडियंस को यह ट्रेलर बेहद पसंद आ रहा है। वे कमेंट बॉक्स बॉक्स में जाकर इसकी जमकर तारीफ़ कर रहे हैं। बता दें कि 'धुरंधर : द रिवेंज' का पहला पार्ट 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुआ था, जिसने दुनियाभर में लगभग 1350 करोड़ रुपए की कमाई की थी।