मोनालिसा ने डायरेक्टर सनोज मिश्रा पर लगाया गलत तरीके से छूने का आरोप, रो-रो कर सुनाई आपबीती 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली:  महाकुंभ मेले से वायरल हुई लड़की मोनालिसा अपनी शादी के बाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। इस बार वह डायरेक्टर सनोज मिश्रा के खिलाफ दिए अपने बयान को लेकर चर्चा में है। मोनालिसा ने डायरेक्टर सनोज मिश्रा पर गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया है। मोनालिसा का कहना है कि सनोज ने उन्हें फिल्म की शूटिंग के दौरान कई बार गलत तरीके से छुआ और उनके परिवार ने भी उनका साथ नहीं दिया। मोनालिसा ने हाल ही में केरल के रहने वाले अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान से शादी कर ली है। वह अभी कोच्चि में रह रही हैं। उन्होंने मंगलवार को कोच्चि में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गंभीर आरोप लगाए थे और इस दौरान वह भावुक भी हो गई थीं। 

सनोज मिश्रा अच्छा आदमी नहीं है- मोनालिसा
मोनालिसा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "सनोज मिश्रा कोई अच्छा आदमी नहीं है। उसने मुझे फिल्म के दौरान कई बार गलत तरीके छुआ। मैंने अपने परिवार को भी उसके छूने के बारे में बताया, लेकिन परिवार ने मेरा साथ नहीं दिया. मुझे पता है कि मुझपर क्या बीती है। मेरे साथ अन्याय हुआ है। मुझे सिर्फ इंसाफ चाहिए. सनोज मिश्रा ने मुझे दो बार टच किया। परिवार को बताया तो उन्होंने कहा था कि नहीं-नहीं यह आपकी पहली मूवी है। क्या पहली मूवी के लिए मुझसे रेप करवाओगे।"

सनोज मिश्रा ने आरोपों को बताया झूठा
मोनालिसा की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सनोज मिश्रा का भी बयान आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेरे खिलाफ साजिश रची जा रही है। मोनालिसा को बहला-फुसलाकर मेरे खिलाफ गलत तरीके से बातें कहलवाई जा रही हैं। मेरे खिलाफ लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं। मैं तो मोनालिसा को अपनी बहन मानता हूं। मोनालिसा ने पहले तक तो मेरे बारे में सबकुछ अच्छा ही बोला था, लेकिन एक रात में ऐसा क्या हो गया जो मेरे खिलाफ मोनालिसा बोलने लगी।