जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: धुरंधर के डायरेक्टर आदित्य धर ने वीरवार को अपना 43वां जन्मदिन मनाया और अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट साझा की जिसमें उन्होंने अपनी टीम और प्रशंसकों के प्रति आभार व्यक्त किया। आदित्य धर ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दर्शकों ने उनके काम पर जो भरोसा जताया है उसके लिए वह गहरी कृतज्ञता महसूस करते हैं। उन्होंने लिखा कि मैं अपना जन्मदिन ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को अंतिम रूप देने में बिताते हुए एक पल ठहरकर बीते असाधारण साल को याद कर रहा हूं।
आज यहां बैठकर मैं गहरी कृतज्ञता से भर गया हूं, इस पूरी यात्रा के लिए, उस टीम के लिए जो हमेशा मेरे साथ चलती रही, और उन सभी लोगों के लिए जिन्होंने वर्षों से मेरे काम पर भरोसा जताया है।’ उन्होंने कहा कि मैं इनमें से किसी भी चीज़ को हल्के में नहीं लेता। एक ऐसे उद्योग में जहां कुछ भी तय नहीं होता और हर फिल्म विश्वास की एक छलांग होती है, वहां दर्शकों का भरोसा ही सब कुछ होता है। अगर इस साल ने मुझे कुछ सिखाया है, तो वह यह है कि अपने सपनों पर विश्वास कभी नहीं खोना चाहिए, चाहे वे कितने भी बड़े क्यों न हों।

धुरंधर ने की है अच्छी कमाई
आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' दिसंबर 2025 में रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। रणवीर सिंह के साथ आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन सहित अन्य कलाकार फिल्म में दिखाई दिए थे। इसके अलावा जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत और बी62 स्टूडियोज द्वारा निर्मित, 'धुरंधर द रिवेंज' 19 मार्च को पांच भाषाओं - हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज होगी। फिल्म से पहले ट्रेलर और एक गाना लॉन्च किया गया है जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पांस मिला है। दर्शक गाने और ट्रेलर की जमकर तारीफ कर रहे हैं।





