जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: रणवीर सिंह और सारा अर्जुन स्टारर फिल्म धुरंधर का दूसरा पार्ट 19 मार्च को रिलीज हो चुका है। फिल्म की रिलीज होते ही धुरंधर को फैंस का जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा है। फिल्म बॉलीवुड के इतिहास में ओपनिंग डे में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। फिल्म ने जवान, पठान, स्त्री 2 और एनिमल जैसी बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 19 मार्च को सिनेमाघरों में आई इस फिल्म ने पहले ही दिन 100 करोड़ नेट का आंकड़ा पार कर लिया जो हिंदी सिनेमा के इतिहास में पहली बार हुआ है। Sacnilk के मुताबिक फिल्म देशभर में 8,900 से ज्यादा शोज में चल रही है और डे 1 पर 75.06 करोड़ की लाइव कमाई के साथ कुल नेट कलेक्शन 118.06 करोड़ तक पहुंच चुका है।

जवान, पठान और एनिमल का तोड़ा रिकॉर्ड
शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान' ने 75 करोड़, ‘पठान' ने 57 करोड़ और ‘एनिमल' ने 64 करोड़ की ओपनिंग की थी वहीं ‘धुरंधर 2' ने इन सभी को पीछे छोड़ते हुए नया बेंचमार्क सेट कर दिया है। खास बात यह रही कि फिल्म ने रिलीज से पहले ही पेड प्रीव्यू में रिकॉर्ड तोड़ कमाई की थी जिसने इसके धमाकेदार ओपनिंग का संकेत दे दिया था। अब यह साफ हो गया है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लंबी रेस का घोड़ा साबित होने वाली है।

स्टारकास्ट और कहानी का भी दिखा दम
फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर माधवन,अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। इस स्पाई-थ्रिलर को आदित्य धर ने डायरेक्ट किया है जो अपने दमदार निर्देशन के लिए जाने जाते हैं। फिल्म का पहला पार्ट भी बॉक्स ऑफिस पर करीब 1300 करोड़ कमा चुका है और अब सीक्वल उससे भी बड़ी सफलता की ओर बढ़ता दिख रहा है। जिस रफ्तार से ‘धुरंधर 2' ने शुरुआत की है उससे साफ है कि यह फिल्म ओपनिंग वीकेंड पर भी कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकती है।





