600 करोड़ क्लब में शामिल हुई धुरंधर-2, रणबीर कपूर की ‘एनिमल' को छोड़ा पीछे

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर मूवी धुरंधर द रिवेंज रिलीज के सातवें दिन 600 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो गई है। ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, धुरंधर 2 ने सात दिन में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 632.42 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है जबकि इसका ग्रॉस बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 744.58 करोड़ रुपये है। सोशल मीडिया पर इस वक्त हर तरफ ‘धुरंधर' की कमाई के चर्चे हो रहे हैं। सैकनिल्क की रिपोर्ट की मानें तो ‘धुरंधर 2' ने सात दिन में ही भारत में 632.42 करोड़ का बिजनेस कर लिया था जबकि शाहरुख खान की ‘पठान' का इंडियन बॉक्स ऑफिस पर ओवरऑल नेट कलेक्शन 543 करोड़ रुपये रहा था और रणबीर कपूर की ‘एनिमल' का 553.87 करोड़। इस हिसाब से देखा जाए तो रणवीर सिंह की इस फिल्म ने बड़े ही आराम से 'पठान' और 'एनिमल' को पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा ‘धुरंधर 2' ने प्रभास की ‘बाहुबली 2' और सनी देओल की ‘गदर 2' को भी बॉक्स ऑफिस पर पछाड़ दिया है।

कितना हुआ 'धुरंधर 2' का अब तक का कलेक्शन
सैकनिल्क के मुताबिक, धुरंधर 2 के हर दिन के साथ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में गिरावट आ रही है। हिंदी वर्जन ने बुधवार को 44 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया जबकि सारे दूसरे वर्जन के कलेक्शन को मिलाकर 47.70 करोड़ रुपये का कलेक्शन सातवें दिन हुआ। अगर इसका टोटल कलेक्शन देखें तो यह 1006 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुका है, इस तरह वर्ल्डवाइड कलेक्शन में भी फिल्म का जलवा देखने को मिल रहा है। 

धुरंधर ने कमाए थे कितने करोड़
धुरंधर 2 के पहले पार्ट धुरंधर की बात करें तो ये 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुआ था। आईएमडीबी के मुताबिक इसका बजट लगभग 250 करोड़ रुपये था जबकि इसने 1305 करोड़ रुपये वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन किया था। अगर इसके भारत में नेट कलेक्शन की बात करें तो इसने 840 करोड़ रुपये कमाए थे. अगर धुरंधर 2 की स्पीड देखें तो यह आंकड़़ा ज्यादा दूर नहीं है।