जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: टटीरी गाने को लेकर बादशाह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। हरियाणा महिला आयोग द्वारा की गई कार्रवाई के बाद अब उत्तर प्रदेश में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखते हुए प्रदेश में बादशाह के सभी स्टेज शो रोकने की मांग की है। साथ ही इस मामले में सख्त कार्रवाई की भी बात कही है।
अपर्णा यादव ने पत्र में आरोप लगाया है कि बादशाह ने अपने गाने टटीरी के माध्यम से महिलाओं-लड़कियों के प्रति बेहद आपत्तिजनक भाषा का उपयोग किया है। वीडियो में स्कूल ड्रेस में छात्राओं को भी आपत्तिजनक तरीके से दर्शाया गया है। यह पूरी तरह से महिलाओं की गरिमा के खिलाफ है। अपर्णा यादव ने सीएम योगी को लिखे पत्र में बताया कि स्कूल जैसी पवित्र जगह को भी ठेस पहुंचाई गयी है। प्रदेश में बादशाह के सभी स्टेज पर या लाइव परफोर्मेंस पर पूरी तरह प्रतिबन्ध लगे साथ ही इन्टरनेट पर इस गाने को पूरी तरह से बैन भी किया जाए।

गाने में स्कूल ड्रेस में डांस करती नजर आ रही है डांसर्स
बादशाह के गाने टटीरी में डांसर्स को स्कूल ड्रेस में डांस करते हुए दिखाया गया है। इसके अलावा बस के ऊपर भी डांसर्स डांस कर रही है। साथ ही घोड़ी जैसे आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया है।
कहां से शुरू हुआ विवाद
बादशाह के टटीरी गाने का विवाद हरियाणा से शुरू हुआ। हरियाणा में भी इसका विरोध हो रहा है। हरियाणा राज्य महिला आयोग ने बादशाह को समन जारी किया है। FIR भी दर्ज हो गई और गाने को YouTube से भी हटाया गया। बादशाह के खिलाफ सोशल मीडिया पर भी लोग टिप्पणी कर आलोचना कर रहे हैं। बादशाह अपने गाने के लिए माफी भी मांग चुके हैं लेकिन बावजूद इसके यह विवाद अभी थमते नजर नहीं आ रहा।





