जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली : फेमस रैपर बादशाह को इन दिनों एक हरियाणवी गाने के रीमेक गाने के कारण काफी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। बीते 1 मार्च को बादशाह का एक गाना टटीरी लॉन्च हुआ। गाने को हरियाणा में फिल्माया गया है और गाने में स्कूल की ड्रेस में लड़कियों को डांस करा दिया गया है। साथ ही इसमें अपनी ऑटोट्यून लगाकर घटिया लिरिक्स भी ठूंस दी गई है। इस पर बीते रोज बादशाह को हरियाणा के महिला आयोग ने नोटिस भेजा और अब हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने भी बादशाह को फटकार लगाते हुए राज्य की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है। मंत्री महिपाल ढांडा का कहना है कि ऐसे गीत राज्य की संस्कृति को ठेस पहुंचाते हैं। इसके अलावा गाने को लेकर लोगों में भी गुस्सा है।

क्या बोले मंत्री महिपाल ढांडा
मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा, 'इस तरह का गायन, जो हरियाणा की संस्कृति को धूमिल कर रहा है, उचित नहीं है। मामला सामने आते ही सरकार ने तुरंत कड़ा रुख अपनाया। मुख्यमंत्री ने आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने गाने में फिल्माई गई बस और उसके डिपो की जांच के स्पष्ट आदेश दिए हैं। इसके ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले दिन में, एचएससीडब्ल्यू की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने कहा कि गाने के बोल अभद्र हैं और सांस्कृतिक सीमाओं और मर्यादा का उल्लंघन करते हैं, ऐसी शिकायतों के बाद पैनल ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया है।

13 मार्च को होगी सुनवाई
6 मार्च को जारी एक आधिकारिक समन के अनुसार, यह मामला बादशाह के खिलाफ दर्ज शिकायतों से संबंधित है, जिनका असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया है। यह दस्तावेज पानीपत के पुलिस अधीक्षक को संबोधित है, जिसमें अधिकारियों को निर्धारित सुनवाई के दौरान सभी संबंधित पक्षों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। एचएससीडब्ल्यू ने 13 मार्च, 2026 को सुबह 11:30 बजे सुनवाई निर्धारित की है। कार्यवाही पानीपत स्थित डीसी कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में होगी।





