वर्षा से पूर्व सभी तैयारियां सुनिश्चित हों : योगी, जिलाधिकारियों को बाढ़ और सूखे से निपटने के निर्देश

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा के अंतर्गत आने वाले विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मौसम की अनिश्चितता और वर्षा के बदलते स्वरूप को देखते हुए प्रदेश को हर परिस्थिति के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएम योगी ने निर्देश दिए कि मिशन मोड में किसानों को समय पर सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में गुणवत्तापूर्ण बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रहे तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। सीएम योगी ने उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा कृत्रिम कमी अथवा कालाबाजारी की किसी भी शिकायत पर कठोर कार्रवाई की जाए।


सीएम योगी ने सिंचाई एवं लघु सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि नहर प्रणाली का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा अंतिम छोर तक सिंचाई जल पहुंचाया जाए। कम सिंचाई वाले क्षेत्रों की पहचान कर विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए।
उन्होंने संभावित सूखे की स्थिति में पशुओं के लिए चारा, पानी और चिकित्सा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर पेयजल स्रोतों के संरक्षण, तालाबों के पुनर्जीवन और जल संरक्षण को जनआंदोलन के रूप में संचालित करने पर विशेष जोर दिया।