जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, गौतमबुद्धनगर द्वारा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, दादरी में मंगलवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 20 कंपनियों ने प्रतिभाग किया था। इस दौरान रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी की।

जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि रोजगार मेले में 486 अभ्यर्थियों ने रोजगार के लिए पंजीकरण कराया। कंपनियों द्वारा आयोजित साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के उपरांत 352 अभ्यर्थियों का रोजगार हेतु चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता एवं कंपनियों की आवश्यकता के अनुरूप रोजगार के अवसर प्राप्त हुए।

जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य जनपद के बेरोजगार युवक-युवतियों को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को सीधे कंपनियों से जुड़ने और रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है।





