सुगम मतदान केंद्र का हो इंतजाम, मतदाताओं को न हो कोई परेशानी

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
ग्रेटर नोएडा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बहुमंजिली आवासीय सोसायटियों एवं सेक्टरों में निवास करने वाले मतदाताओं को उनके निवास के निकट, सुगम एवं सुविधाजनक मतदान केंद्र उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में विगत दिवस कलेक्ट्रेट सभागार में आरडब्ल्यूए एवं एओए के अध्यक्ष/सचिव एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 1200 मतदाताओं के मानक के आधार पर मतदेय स्थलों के संभाजन तथा आवश्यकतानुसार नए मतदेय स्थलों के चिन्हांकन की कार्यवाही की जा रही है। इसका उद्देश्य बहुमंजिली आवासीय सोसायटियों एवं सेक्टरों में निवास करने वाले मतदाताओं को उनके घर के निकट मतदान केंद्र की सुविधा उपलब्ध कराना है, जिससे मतदान प्रक्रिया अधिक सुगम, व्यवस्थित एवं मतदाता-अनुकूल बन सके। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से इस कार्य में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।


जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि हाईराइज आवासीय सोसायटियों एवं सेक्टरों में ऐसे स्थान, जहां 300 से 1200 मतदाताओं के मध्य मतदाता निवास करते हों तथा जहां सुरक्षित वातावरण के साथ सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों, वहां नए मतदेय स्थलों की स्थापना के संबंध में सुझाव/प्रत्यावेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्राप्त होने वाले व्यवहारिक एवं जनहितकारी सुझावों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि बहुमंजिली भवनों एवं सेक्टरों में नए मतदेय स्थलों की स्थापना के संबंध में यदि संबंधित पदाधिकारियों के पास कोई सुझाव/ प्रत्यावेदन हो तो वह उसे लिखित रूप में आगामी दो दिवस के भीतर जिला निर्वाचन कार्यालय में अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय की ई-मेल आईडी पर उपलब्ध करा सकते हैं, ताकि प्राप्त सुझावों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।


जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी कहा कि बहुमंजिली आवासीय सोसायटियों एवं सेक्टरों के आसपास स्थित श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों में निवास करने वाले मतदाताओं की सुविधा को भी प्राथमिकता दी जाए। ऐसे क्षेत्रों में मतदेय स्थल स्थापित किए जाने के संबंध में व्यवहारिक एवं जनहितकारी सुझाव भी उपलब्ध कराए जाएं, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता को निकटतम एवं सुविधाजनक मतदान केंद्र की सुविधा प्राप्त हो तथा मतदान के दौरान श्रमिकों को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतदेय स्थलों के संभाजन की प्रक्रिया, 1200 मतदाताओं के मानक, भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों तथा मतदेय स्थलों के निर्धारण से संबंधित विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी/उप जिलाधिकारी सदर (न्यायिक) अरुण कुमार, तहसीलदार जेवर प्रतीक चौहान, ईओ दादरी शालिनी गुप्ता तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।