दक्षिणी फिलीपीन में 7.8 तीव्रता का आया भूकंप, उठीं सुनामी की लहरें 

मनीला (फिलीपीन), एजेंसी। दक्षिणी फिलीपीन में सोमवार सुबह 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र (पीटीडब्ल्यूसी) ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सुनामी का खतरा अब काफी हद तक टल गया है। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के कारण कुछ तटीय क्षेत्रों में सुनामी की तीन फुट ऊंची लहरें उठीं। दक्षिणी फिलीपीन में इमारतों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा तथा दक्षिण शहर में एक अहम पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। इन घटनाओं में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 200 से अधिक लोग घायल हो गए। राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने लोगों से तुरंत ऊंचाई वाले स्थानों पर जाने का आग्रह किया। फिलीपीन, इंडोनेशिया और मलेशिया में अधिकारियों ने सुनामी संभावित तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए चेतावनी जारी की।
सात बजकर 37 मिनट पर आया भूकंप 

पीटीडब्ल्यूसी ने बताया कि भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह सात बजकर 37 मिनट पर आया और भूकंप के लगभग पांच घंटे बाद सुनामी का खतरा अब काफी हद तक टल गया है। लेकिन केंद्र ने लोगों से अब भी सतर्क रहने और स्थानीय अधिकारियों की चेतावनियों पर ध्यान देने का आग्रह किया जाता है क्योंकि समुद्र का जलस्तर अगले कुछ घंटों तक घट-बढ़ सकता है। इस साल फिलीपीन में आए सबसे शक्तिशाली भूकंप का केंद्र समुद्र में जनरल सैंटोस से लगभग 13 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था। जनरल सैंटोस सात लाख से अधिक लोगों की आबादी वाला शहर है और यह देश के दक्षिणी मिंडानाओ क्षेत्र में टूना (मछली) प्रसंस्करण और अन्य व्यापारिक गतिविधियों का केंद्र है। फिलीपीन के नेता ने कहा कि आपदा राहत एजेंसियां ​​तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार हैं। मार्कोस ने कहा, सरकार सक्रिय है और हम मिंडानाओ को पीछे नहीं छोड़ेंगे।
रॉड सॉसमेना ने दी जानकारी

नागरिक सुरक्षा कार्यालय के क्षेत्रीय निदेशक रॉड सॉसमेना ने कहा कि भूकंप में कम से कम चार लोगों के मरने की सूचना है। जनरल सैंटोस में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है 130 अन्य घायल हुए हैं। जनरल सैंटोस में कुछ इमारतें आंशिक रूप से ढह गईं और एक महत्वपूर्ण पुल सहित कुछ ढांचों में खतरनाक दरारें पड़ गई हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दावो ओरिएंटल प्रांत में भूकंप के कारण एक और व्यक्ति की मौत हो गई। सॉसमेना ने कहा कि जनरल सैंटोस में आंशिक रूप से ढहे ढांचों में किसी के फंसे होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है। नागरिक उड्डयन अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के कारण जनरल सैंटोस का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और 17 घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गईं। पास के दक्षिणी क्षेत्र में नागरिक सुरक्षा कार्यालय के निदेशक एडनार दयांगहिरंग ने कहा कि सुबह ध्वजारोहण समारोह में भाग लेने आए 100 से अधिक छात्र घायल हो गए और विभिन्न प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में घबराहट के कारण कुछ छात्र बेहोश हो गए।
जमीनी सुनामी निगरानी केंद का बयान

फिलीपीन ज्वालामुखी एवं भूकंप विज्ञान संस्थान के निदेशक टेरेसिटो बाकोलकोल ने एसोसिएटेड प्रेस (एपी) को बताया कि फिलीपीन के सुल्तान कुदरत और सारंगानी प्रांतों में जमीनी सुनामी निगरानी केंद्रों ने एक मीटर (तीन फुट) ऊंची लहरों के उठने की सूचना दी। टेरेसिटो बाकोलकोल ने एपी को बताया, यह एक शक्तिशाली भूकंप है और हम नुकसान की आशंका जता रहे हैं। हमने जो वीडियो देखे हैं, उनके आधार पर हमने पहले ही कुछ इमारतों को नुकसान होने की आशंका जताई है। ताइवान, जापान, मलेशिया, गुआम, पापुआ न्यू गिनी और पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र के कई द्वीपीय देशों और क्षेत्रों में सुनामी की लहरें आ सकती हैं। इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी और उत्तरी मलुकु प्रांतों में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। मलेशिया के मौसम विभाग ने बोर्नियो द्वीप पर स्थित सबाह राज्य के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। सबाह दक्षिणी फिलीपीन से कुछ ही समुद्री मील की दूरी पर स्थित है। इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप के पास सुनामी की 83 सेंटीमीटर (2.7 फुट) ऊंची लहरें मापी गईं।