लखीमपुर खीरी, एजेंसी। लखीमपुर खीरी जिले के पलिया वन क्षेत्र में एक खेत में करीब 16 फुट लम्बा अजगर पाया गया। दुधवा टाइगर कंजरवेशन फाउंडेशन (डीटीसीएफ) की टीम ने अजगर को सुरक्षित निकालकर जंगल में छोड़ दिया। डीटीसीएफ की अधिकारी नज्रुन्निसा ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को पलिया वन क्षेत्र स्थित फुलवरिया गांव में कुछ किसान धान की रोपाई कर रहे थे, तभी उन्होंने एक खेत में करीब 16 फुट लंबा विशालकाय अजगर देखा और दुधवा बाघ अभयारण्य के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर वह डीटीसीएफ की अपनी टीम लेकर मौके पर पहुंचीं और अजगर को खेत से सुरक्षित निकालकर उसे दुधवा के जंगलों में वापस छोड़ दिया। दुधवा बाघ अभयारण्य के क्षेत्र निदेशक डॉक्टर एच. राजमोहन ने 'पीटीआई'—भाषा' को बताया कि मानसून के दौरान अक्सर अजगर और अन्य सांप अपने बिल में पानी भर जाने के चलते बाहर निकल आते हैं और शिकार की तलाश में आस-पास के खेतों में आ जाते हैं। उन्होंने कहा, ''जब ऐसे मामले सामने आते हैं तो इन सांपों को सुरक्षित पकड़कर उनके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ दिया जाता है।
खेत में पाया गया 16 फुट लम्बा अजगर, जंगल में छोड़ा गया वापस
14-Jul-2026





