जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। जिलाधिकारी ने मंगलवर को ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 का स्थलीय निरीक्षण कर सेक्टर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों एवं सेक्टरवासियों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली। ारडब्ल्यूए पदाधिकारियों एवं सेक्टरवासियों द्वारा सेक्टर के दोनों ओर बाउंड्री वॉल का न होना, सीवर ओवरफ्लो, सड़कों पर गड्ढे, जलापूर्ति से संबंधित समस्याएं, ई-ब्लॉक की खराब ट्यूबवेल तथा सी-ब्लॉक पार्क की बाउंड्री वॉल सहित विभिन्न समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।

जिलाधिकारी ने मौके पर संबंधित समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण करते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, वन विभाग एवं हॉर्टिकल्चर विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सेक्टरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

जिलाधिकारी ने सीवर एवं जलापूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलापूर्ति के दौरान सीवर एवं वाटर सप्लाई की लाइनें आपस में कनेक्ट न हों, यह सुनिश्चित किया जाए, जिससे पेयजल की गुणवत्ता प्रभावित न हो। साथ ही, उन्होंने प्राधिकरण के अधिकारियों को नियमित रूप से ड्रेनेज की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ड्रेनेज बॉक्स के आसपास अतिक्रमण न होने देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सी-ब्लॉक स्थित बिस्मिल पार्क के रखरखाव, सौंदर्यीकरण, बाउंड्री वॉल एवं लाइटिंग से संबंधित कार्यों को कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राधिकरण के अधिकारियों को वन विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर पार्क के सौंदर्यीकरण एवं अन्य आवश्यक कार्य सुनिश्चित करने को कहा।

इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने प्राधिकरण के अधिकारियों को सेक्टर की स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने तथा लूज वायर एवं खुले तारों को यथाशीघ्र व्यवस्थित करने के निर्देश दिए, जिससे सेक्टरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सेक्टर बीटा-01 के पार्क में पिलखन, बरगद एवं पीपल के पौधों का रोपण भी किया। उन्होंने सेक्टरवासियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा रोपित पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर हरिशंकर लाल, एसएम ग्रेटर नोएडा चेतराम सिंह, संबंधित अधिकारीगण, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी एवं सेक्टरवासी उपस्थित रहे।





