स्कूली वाहनों पर डीएम का एक्शन, चार वाहनों पर 79 हजार का जुर्माना

जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा में स्कूली बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले वाहन संचालकों पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। अमरोहा-जोया मार्ग पर ओवरलोड ई-रिक्शा देखकर जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने अपना वाहन रुकवाया और मौके पर ही स्कूली वाहनों की जांच शुरू करा दी। जांच के दौरान एक टाटा मैजिक, एक फोर्स क्रूजर और दो बैटरी ई-रिक्शा समेत चार वाहनों में अनियमितताएं मिलीं। डीएम के निर्देश पर चारों वाहनों पर कुल 79 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही वाहन चालकों और स्वामियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने तथा वाहनों को निरुद्ध करने के निर्देश दिए गए हैं।

दरअसल, मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ निरीक्षण से लौट रहे थे। इसी दौरान अमरोहा-जोया मार्ग पर कचहरी मोड़ के निकट उनकी नजर स्कूली बच्चों से भरे एक ओवरलोड ई-रिक्शा पर पड़ी। बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता दिखाते हुए डीएम ने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और मौके पर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद जिलाधिकारी ने मार्ग से गुजरने वाले अन्य स्कूली वाहनों की भी जांच कराई। जांच के दौरान एक टाटा मैजिक, एक फोर्स क्रूजर और दो बैटरी ई-रिक्शा समेत कुल चार वाहनों में अनियमितताएं पाई गईं। इन वाहनों पर कुल 79 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को चारों वाहनों के चालकों और स्वामियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने, वाहनों को नियमानुसार निरुद्ध करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


डीएम ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाने तथा वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा और अन्य जरूरी दस्तावेज पूरे रखने होंगे। प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से स्कूली वाहनों की आकस्मिक जांच आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और स्वामियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।