जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित एपेक्स कमेटी की बैठक में आगामी मानसून के मद्देनजर बाढ़ नियंत्रण एवं जलभराव रोकथाम की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा फ्लड कंट्रोल ऑर्डर-2026 जारी किया गया।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मानसून के दौरान दिल्लीवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसलिए सभी विभाग पूरी तत्परता से काम करें। संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में पंपों की संख्या बढ़ा दी गई है और प्रत्येक जलभराव बिंदु पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। नालों की समयबद्ध डी-सिल्टिंग, मोबाइल पंपिंग सिस्टम की तत्पर उपलब्धता, 24/7 निगरानी और सेंट्रल फ्लड कंट्रोल रूम के माध्यम से मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में सांसद योगेंद्र चंदोलिया, रामवीर सिंह बिधूड़ी, मनोज तिवारी, कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, विधायक जितेंद्र महाजन, अनिल शर्मा, शिखा रॉय तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।






