जन प्रवाद, ब्यूरो।
दिल्ली। दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ शुरू कर दी है। इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपए की आर्थिक मदद मिलेगी। सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि एक अगस्त से दिल्ली की महिलाओं के जीवन में सम्मान का एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। एक अगस्त से दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल खुल गया है। किसी बहन के लिए यह अपने नाम की पहली बचत होगी, किसी के लिए दवा, किताब या घर की कोई जरूरी चीज और किसी के लिए यह एहसास कि अब अपनी हर आवश्यकता के लिए किसी के सामने हाथ नहीं फैलाना पड़ेगा।

सीएम रेखा गुप्ता ने लिखा कि ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के अंतर्गत हर पात्र महिला को प्रतिमाह 2,500 रुपए का आर्थिक संबल मिलेगा। यह राशि केवल खाते में नहीं जाएगी, यह आत्मविश्वास जगाएगी, निर्णय लेने की शक्ति बढ़ाएगी और जीवन को अपने ढंग से जीने का साहस देगी। सभी पात्र महिलाएं दिल्ली सरकार की आधिकारिक वेवसाइट पर जाकर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं।

यह योजना सरकार की उन अहम कल्याणकारी पहलों में से एक है, जिसका मकसद राष्ट्रीय राजधानी में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को आर्थिक मदद पहुंचाना है। इस योजना को लागू करने के लिए दिल्ली सरकार ने अपने 2026-27 के बजट में 5,110 करोड़ रुपए रखे हैं। अधिकारियों का अनुमान है कि जब यह योजना पूरी तरह से लागू हो जाएगी, तो दिल्ली भर में 17 लाख से ज्यादा महिलाओं को इसका फायदा मिलेगा।

दिल्ली की कौन सी महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। बता दें कि नियमों के तहत, 21 से 60 साल की उम्र की वे महिलाएं इस योजना के लिए पात्र होंगी जिनके परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपए तक है। ध्यान देने वाली बात यह है कि जो महिलाएं इनकम टैक्स देती हैं, जीएसटी फाइल करती हैं, सरकारी कर्मचारी हैं या पहले से ही दूसरी सरकारी योजनाओं के तहत आर्थिक मदद ले रही हैं, वे इसके लिए पात्र नहीं होंगी। इसी तरह, जिन परिवारों के पास चार पहिया वाहन है, जो सालाना 2,400 यूनिट से ज्यादा बिजली का इस्तेमाल करते हैं या जिनके परिवार के सदस्य सरकारी विभागों या पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग्स (पीएसयू) में काम करते हैं, उन्हें भी इस योजना से बाहर रखा जाएगा। इसके अलावा, तीन से ज्यादा बच्चे होने या आपराधिक रिकॉर्ड होने वाली महिलाएं ह्यदिल्ली लक्ष्मी योजनाह्ण का लाभ उठाने के लिए पात्र नहीं होंगी। यह योजना लाभार्थियों को आर्थिक मदद पाने के लिए दो विकल्प देती है।

पहले विकल्प के तहत, हर महीने 1,500 रुपए रिकरिंग डिपॉजिट (आरडी) या फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) खाते में जमा किए जाएंगे, जबकि बाकी 1,000 रुपए सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) वॉलेट में जमा किए जाएंगे, जिसका इस्तेमाल मंजूरी-प्राप्त जरूरी चीजों की खरीद के लिए किया जा सकेगा। इसके अलावा लाभार्थी चाहें तो 2,500 रुपए की पूरी मासिक सहायता राशि को बैंक खाते और सीबीडीसी वॉलेट में बांटने के बजाय सीधे रिकरिंग डिपॉजिट या फिक्स्ड डिपॉजिट खाते में ले सकते हैं।
सीधी आर्थिक सहायता देने के अलावा, दिल्ली लक्ष्मी योजना का मकसद कई सामाजिक कल्याण के लक्ष्यों को बढ़ावा देना भी है। इनमें स्कूल में दाखिले को बढ़ावा देना, अपार योजना और आभा आईडी बनाना, समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करना, पोषण ट्रैकर पर रजिस्ट्रेशन, एक पेड़ मां के नाम और स्वच्छ भारत अभियान जैसे अभियानों में हिस्सा लेना और महिलाओं को स्वयं-सहायता समूहों और कौशल विकास कार्यक्रमों से जुड़ने के लिए प्रेरित करना शामिल है। इस योजना के तहत आवेदनों की प्रक्रिया खास दिल्ली लक्ष्मी योजना पोर्टल के जरिए की जाएगी।
-अगर आप इस योजना के अप्लाई करना चाहते हैं, तो जान लें कि इस सहायता राशि पाने के लिए महिला की उम्र 21 से 60 साल के बीच होनी चाहिए।

-इसके अलावा जिसके लिए आवेदन किया जा रहा है, वह दिल्ली का वोटर हो और पिछले 10 साल से दिल्ली में रह रहा हो।
-इसके अलावा महिला के परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
-इसके अलावा पिछले 12 महीनों में बिजली की खपत 2,400 यूनिट से कम होनी चाहिए।
-अगर आप सरकारी कर्मचारी, आयकरदाता, जीएसटी भरने वाले या चार पहिया वाहन के मालिक इस योजना के तहत अप्लाई नहीं कर पाएंगे।
-साथ ही जिन महिलाओं के परिवार में कोई सदस्य सरकारी नौकरी में है, जिनके तीन से अधिक बच्चे हैं, या जिनके पास पहले से कोई सरकारी पेंशन आ रही है, वे इस योजना के तहत अप्लाई नहीं कर सकते।
-वहीं अगर आवेदन करने वाले का कोई आपराधिक रिकॉर्ड है, तो वे भी इस योजना के तहत अप्लाई नहीं कर सकते।
-ऑनलाइन अप्लाई करने के लिए महिला का आधार कार्ड, दिल्ली का वोटर आईडी कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर की जरूरत होगी।
-इसके अलावा 10 साल के निवास प्रमाण के लिए राशन कार्ड, बिजली/गैस बिल, या ड्राइविंग लाइसेंस अपलोड करना होगा।
-उम्र के प्रमाण के तौर पर जन्म प्रमाण पत्र, 10वीं की मार्कशीट या पैन कार्ड अपलोड करना होगा।
-आवेदन के साथ स्थानीय सांसद या विधायक का एंडोर्समेंट लेटर भी लगाना जरूरी होगा।
-इसके लिए आपको पहले ऑफिशियल वेबसाइट डीएलवाई.देहली.जीओवी.इन पर जाना होगा और पात्रता जांचने से जुड़े प्रश्नों के उत्तर दें पर क्लिक करना होगा।
अब अपना नाम, आधार विवरण और मूलभूत जानकारी ध्यान से भरें।
इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी सही-सही उपलब्ध कराएं।
जिस बैंक अकाउंट में सहायता राशि चाहते हैं उसकी डिटेल भरें।
इसके बाद बताए गए तरीके से सभी डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें।
इसके बाद आप अपनी एप्लिकेशन का एक प्रिव्यू देख पाएंगे।
आपसे आपके स्थानीय सांसद या विधायक का हस्ताक्षर किया हुआ एंडोर्समेंट लेटर अपलोड करने के लिए कहा जाएगा।
इसके बाद अपना आवेदन सबमिट कर दें और आखिर में मिलने वाली आवेदन की रसीद को संभाल कर रखें।





