दिल्ली होटल अग्निकांड: मालिक के खुलासे के बाद पुलिस प्रबंधक जय मिश्रा की तलाश में

नई दिल्ली, एजेंसी। दिल्ली पुलिस मालवीय नगर अग्निकांड के संबंध में होटल प्रबंधक जय मिश्रा की तलाश कर रह रही है जबकि जांचकर्ता प्रतिष्ठान के संचालन और स्वामित्व संबंधी रिकॉर्ड की तफ्तीश जारी रखे हुए हैं। हौज रानी इलाके में स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल में बुधवार को भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई जिनमें से 12 विदेशी नागरिक हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, होटल मालिक लवकेश बजाज ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसने होटल का पूरा प्रबंधन मिश्रा को सौंप दिया था और सभी संबंधित लाइसेंस प्रबंधक के नाम पर जारी किए गए थे। सूत्रों ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए बजाज ने कथित तौर पर दावा किया कि वह होटल का एकमात्र मालिक है और उसका कोई व्यापारिक साझेदार नहीं है। उसने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने 2022 में इमारत खरीदी थी और उसके बाद से इसे होटल एवं अतिथि गृह के रूप में संचालित करना शुरू कर दिया था। जांचकर्ता बजाज के इस दावे की पुष्टि कर रहे हैं कि उसने परिसर में बेड-एंड-ब्रेकफास्ट प्रतिष्ठान, पर्यटक आवास, स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं और रेस्तरां संचालित करने के लिए आवश्यक अनुमतियां प्राप्त की थीं। सूत्रों के अनुसार, बजाज ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह जब आग लगी तो वह होटल के पास से गुजर रहा था, लेकिन रुका नहीं। आरोप है कि वह डर के मारे भाग गया और घर नहीं लौटा, बल्कि पुलिस द्वारा पकड़े जाने से पहले शहर के विभिन्न हिस्सों में घूमता रहा।
होटल लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन 
जांचकर्ता यह भी पड़ताल कर रहे हैं कि क्या होटल लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करते हुए चल रहा था। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि होटल को केवल छह कमरों की अनुमति थी, लेकिन आरोप है कि वह लगभग 25 कमरों का संचालन कर रहा था। पुलिस संभावित उल्लंघनों की व्यापक जांच के तहत बजाज के स्वामित्व वाले तीन होटलों से संबंधित दस्तावेज भी एकत्र कर रही है। बजाज को बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किए जाने की संभावना है।