बैंकॉक से दिल्ली आई फ्लाइट के शौचालय से मिला 2 किलो गांजा, 2 करोड़ रुपये है कीमत

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक फ्लाइट के शौचालय से दो किलोग्राम से अधिक संदिग्ध गांजा जब्त किया गया है। फ्लाइट बैंकॉक से दिल्ली आई थी। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि यह बरामदगी पांच अप्रैल को हुई। इसमें कहा गया है कि निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए, भारतीय सीमा शुल्क की विशेष शाखा, वायु खुफिया इकाई के अधिकारियों ने बैंकॉक से आने वाली उड़ान पर नजर रखी। निगरानी के दौरान विमान के शौचालय के कूड़ेदान से धूसर (ग्रे) रंग के टेप में लपेटे गए तीन पैकेट बरामद किए गए। पैकेटों की एक्स-रे से जांच की गई, जिससे संदिग्ध सामग्री का संकेत मिला। जांच करने पर पैकेटों में हरे रंग का पत्तीनुमा पदार्थ पाया गया, जिसके गांजा होने का संदेह है।

बयान के अनुसार, संदिग्ध मादक पदार्थ को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है। जब्त किए गए प्रतिबंधित पदार्थ का कुल वजन लगभग 2.01 किलोग्राम था और इसका अनुमानित मूल्य लगभग 2.01 करोड़ रुपये है।