जन प्रवाद, ब्यूरो। नोएडा।
नोएडा में लगातार बढ़ते साइबर अपराध को देखते हुए साइबर पुलिस अभियान चलाकर अपराधियों की धरपकड़ कर रही है। इसी क्रम में ‘सी वर्ज’ अभियान के तहत साइबर पुलिस ने आठ अवैध कॉल सेंटरों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 49 अभियुक्तों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की है। साथ ही बड़ी संख्या में मोबाइल, लैपटॉप आदि सामान बरामद किया है।
साइबर प्रभारी डीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि सी वर्ज अभियान के तहत व्यापक स्तर पर सत्यापन एवं छापेमारी की गई। इस दौरान करीब 700 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ की गई। इस कार्रवाई में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। साइबर टीम ने अवैध रूप से संचालित आठ कॉल सेंटरों का पर्दाफाश किया है। इसके अलावा साइबर अपराधियों को म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने एवं उनकी खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोहों के सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया। ये लोग साइबर ठगी के नेटवर्क को सक्रिय रूप से सहयोग प्रदान कर रहे थे। अभियान के तहत कुल 49 अभियुक्तों के खिलाफ दंडात्मक विधिक कार्रवाई की गई। उनके पास से 67 मोबाइल फोन, 19 लैपटॉप, 76 सिम कार्ड, 81 डेबिट/क्रेडिट कार्ड तथा 5 लाख से अधिक की नकद धनराशि बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार एवं चिन्हित व्यक्तियों का 60 करोड़ से अधिक की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष संबंध सामने आया है।
डीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि जांच के दौरान विकसित बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर एक नाइजीरियाई नागरिक को भी गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में उसका संबंध बड़े पैमाने पर साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से पाया गया। उसके कब्जे से ऐसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं डिजिटल साक्ष्य बरामद हुए हैं, जिनका संबंध राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज विभिन्न शिकायतों से पाया गया है। बरामद डिजिटल साक्ष्यों का विस्तृत फॉरेंसिक परीक्षण कराया जा रहा है ताकि साइबर अपराध के व्यापक नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी साइबर धोखाधड़ी होने पर 1930 नंबर पर फोन करें ताकि समय रहते उन पर कार्रवाई की जा सके।
नोएडा में साइबर अपराधियों पर नकेल, छापेमारी में आठ कॉल सेंटरों का पर्दाफाश
16-Jul-2026





