जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, खेल भवन, लखनऊ तथा कार्यालय क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी, मेरठ मंडल, मेरठ के निर्देश पर प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन प्रस्तावित है। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली जनपद गौतमबुद्धनगर की टीम के चयन के लिए जिला एवं मंडल स्तरीय चयन-ट्रायल्स निर्धारित कार्यक्रमानुसार आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए ऐसे खिलाड़ी पात्र होंगे जिनकी जन्मतिथि 01 जनवरी 2011 से 31 दिसंबर 2012 के मध्य हो। जनपद स्तरीय चयन-ट्रायल्स 24 जुलाई 2026 को अपराह्न 3:00 बजे एस्टर पब्लिक स्कूल, डेल्टा-2, ग्रेटर नोएडा, जनपद गौतमबुद्धनगर में आयोजित किए जाएंगे। चयनित खिलाड़ियों के लिए मंडलीय चयन-ट्रायल्स 25 जुलाई 2026 को प्रात: 10:00 बजे कैलाश प्रकाश स्टेडियम, मेरठ में आयोजित होंगे। प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक एक अगस्त 2026 से 08 अगस्त 2026 तक डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम, मऊ में किया जाएगा।

प्रतियोगिता के लिए ड्यूटी प्रशिक्षक के रूप में सुमित कुमार तथा चयन उपरांत अंशकालिक कबड्डी प्रशिक्षक की तैनाती की गई है। साथ ही निर्देशित किया गया है कि चयन सूची तत्काल फोटो सहित कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि चयन-ट्रायल्स में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए आधार कार्ड तथा जन्मतिथि प्रमाण-पत्र की छायाप्रति, संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य/प्रधानाचार्या द्वारा प्रमाणित कर साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रमाण-पत्र पर जन्मतिथि अंकों एवं शब्दों दोनों में स्पष्ट रूप से अंकित एवं सत्यापित होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित पात्रता एवं आयु संबंधी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत न करने वाले खिलाड़ियों अथवा टीम को प्रतियोगिता में सम्मिलित नहीं किया जाएगा।





