डाक कांवड़ के लिए खास इंतजाम, असुविधा न हो... किए गए खास इंतजाम

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। कल यानी मंगलवार को शिवरात्रि है। शासन-प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा को सफल बनाने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को कांवड़ यात्रा को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान किसी भी तरह की यात्रियों को कोई परेशान न हो साथ ही यह भी ध्यान रखा जाए कि यात्रा के दौरान कोई एंबुलेस या स्कूल बस को निकलने में असुविधा न हो। 


बता दें कि कांवड़ मार्ग पर शिवभक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे कांवड़ियों से दिल्ली-दून हाईवे और कांवड़ मार्ग पूरी तरह केसरिया रंग में रंगा नजर आ रहा है। सुबह से देर रात तक हाईवे पर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंज रहे हैं। पैदल कांवड़ लेकर चलने वालों में बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल हैं। कई महिला कांवड़िए छोटे बच्चों के साथ यात्रा करती नजर आ रही हैं। शिवभक्त लगातार हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गांव और शहरों की ओर बढ़ रहे हैं। शिवरात्रि नजदीक आने के साथ ही हाईवे पर डाक कांवड़ के जत्थे भी दिखाई देने लगे हैं। आने वाले समय में इनकी संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। कांवड़ियों की सुविधा के लिए मार्ग में जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों में भोजन, पेयजल, फल और चिकित्सा समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मेरठ की कांवड़ यात्रा में शिवभक्ति के साथ कई अनोखे स्वरूप भी देखने को मिल रहे हैं। मोदीपुरम और कंकरखेड़ा कांवड़ मार्ग पर रविवार को महाकाली स्वरूप की कांवड़ आकर्षण का केंद्र रही। इस कांवड़ पर नरमुंड और कंकाल लगाए गए हैं। इसके अलावा बाइक पर एके-47 का 3ऊ डिजाइन भी राहगीरों का ध्यान खींच रहा है। लोग इन कांवड़ों की तस्वीरें लेते नजर आए।


तहलका मचाने वाले तूफानी डीजों को भी हटा दिया गया। पुलिस ने इसे बैनर से सील कर सिवाया टोल प्लाजा की ओर रवाना किया। पुलिस अधीक्षक विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि व्यवस्था न बिगड़े, इसलिए डीजे को कहीं रुकने की अनुमति नहीं दी गई है। इसे बेहद कम समय के लिए संचालित करने की शर्त रखी गई है।


बता दें कि प्रदेश के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. सोमेंद्र तोमर ने रविवार को कांवड़ सेवा शिविरों में पहुंचकर शिवभक्तों की सेवा की। उन्होंने कांवड़ लेकर भगवान भोलेनाथ के धाम की ओर जा रहे श्रद्धालुओं का सेवा-सत्कार किया और उन्हें प्रसाद व आवश्यक सामग्री वितरित की।
डॉ. सोमेंद्र तोमर का कहना है कि श्रावण मास में शिवभक्तों की सेवा करना सौभाग्य और पुण्य का कार्य है। उन्होंने इसे भगवान शिव की आराधना के समान बताया। इस दौरान उन्होंने भगवान भोलेनाथ से शिवभक्तों, उनके परिवारों और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।


मुस्लिम महिला ले जा रही कांवड़
बागपत रोड स्थित विवेक रिजॉर्ट में आयोजित पांचवें कांवड़ सेवा शिविर में हरिद्वार से कांवड़ लेकर पुरा महादेव जा रहीं लोनी निवासी रूबी खान का अभिनंदन किया गया। रूबी अपनी साथी मुस्कान के साथ हरिद्वार से पैदल गंगाजल लेकर पुरा महादेव जा रही हैं।