जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। बंगाल की खाड़ी में बना एक और चक्रवात तबाही मचाने को तैयार है। ओडिशा और आंध्र प्रदेश में इसका खतरनाक प्रभाव देखे जाने की बात कही जा रही है। इसका असर अब पूरे देश में दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार आज राजधानी दिल्ली समेत देश के 17 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
बंगाल की खाड़ी में बना वेदर सिस्टम
बंगाल की खाड़ी में बना वेदर सिस्टम भले ही अभी पूर्ण चक्रवात के रूप में विकसित नहीं हुआ है, लेकिन यह खतरनाक बनता जा रहा है। संभावनाएं जताई जा ही हैं कि आने वाले दिनों में यह गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि यह मौसमी सिस्टम आगे बढ़ रहा है और तेज हो रहा है। इसके जल्द ही आंध्र प्रदेश-ओडिशा तट से टकराने की संभावना है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि यह आंध्र और ओडिशा के तट से टकराने के बाद पूर्ण चक्रवात में बदल सकता है। इसके बाद यह खतरनाक रूप भी ले सकता है। फिलहाल, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव सिस्टम के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। अनुमान जताया गया है कि आज यह डीप डिप्रेशन के तौर पर दो राज्यों के तट से टकरा सकता है। इस डीप डिप्रेशन का असर भी दिखाई देने लगा है। ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो रही है। इसके अलावा तेज हवाएं चल रही हैं। सुरक्षा के मद्देनजर ओडिशा के कई प्रभावित जिलों में स्कूल-आंगनवाड़ी बंद कर दिया गया है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है और राहत टीमें अलर्ट पर हैं।
बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात
उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ व बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात को फिलहाल अर्नब के नाम से जान जा रहा है। बता दें कि मौसम विभाग ने अभी इसे आधिकारिक नाम नहीं दिया है। ऐसा इसलिए है क्योंकि मौसम विभाग के नियमों के अनुसार किसी भी तूफान को यह नाम तभी दिया जाता है जब हवाओं की रफ्तार एक तय सीमा को पार करके चक्रवाती तूफान की श्रेणी में पहुंचती हैं। मौजूदा सिस्टम अभी उस तीव्रता तक नहीं पहुंचा है। इस अनुमानित चक्रवात के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर समेत देश के 17 राज्यों में आज भारी बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना जताई गई है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ भागों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और 30 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार एनसीआर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहेगा। उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ व बंगाल के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश होगी।
यूपी में मौसम का बदला मिजाज
आज से यूपी में मौसम का मिजाज बदल गया है। बृहस्पतिवार रात से पूर्वांचल और तराई के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई। आज भी पूरे प्रदेश के चक्रवाती बारिश की चपेट में रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने 42 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 13 जिलों में अति भारी बारिश का आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 29 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान प्रदेश के 52 जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने बिहार के कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। इनमें पटना, नालंदा, गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय शामिल हैं। इसके अलावा पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद और जहानाबाद में भी अलर्ट है। इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। राजस्थान में 25 सितंबर से मौसम का मिजाज पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में अलग-अलग रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार कोटा और भरतपुर संभागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में अगले 2-3 दिनों के दौरान मेघगर्जन, वज्रपात के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने से मध्य प्रदेश में एक बार फिर मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। आज मध्य-पूर्वी जिलों में इसका खासा असर देखने को मिल सकता है। रीवा, उमरिया, सतना, मंडला, बालाघाट, सिवनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, दमोह, पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ में आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 115 से लेकर 204 मिमी तक बारिश दर्ज की जा सकती है। तेज बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव के साथ नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और प्रभावित जिलों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।





